Move to Jagran APP

Moradabad Gram Panchayat Chunav Result 2021 : सपा विधायकों के गढ़ में बसपा का दबदबा, एक-एक वार्ड पर भाजपा को बढ़त

कुंदरकी से समाजवादी पार्टी के हाजी मुहम्मद रिजवान और बिलारी से फहीम इरफान विधायक हैं। इन दोनों की विधानसभा सीटों को सपा का गढ़ कहा जाता है। लेकिन पंचायत चुनाव में यहां का नजारा ही बदला हुआ है।

By Narendra KumarEdited By: Published: Tue, 04 May 2021 12:45 PM (IST)Updated: Tue, 04 May 2021 12:45 PM (IST)
Moradabad Gram Panchayat Chunav Result 2021 : सपा विधायकों के गढ़ में बसपा का दबदबा, एक-एक वार्ड पर भाजपा को बढ़त
परिणाम आने से पहले होने लगी है जोड़तोड़।

मुरादाबाद, जेएनएन। जिले के समाजवादी पार्टी के विधायकों के गढ़ में जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में बसपा का दबदबा बना हुआ है। बिलारी और कुंदरकी में भाजपा एक-एक वार्ड पर बढ़त बनाए है। लेकिन, बसपा के सात प्रत्याशी दोनों ही विधानसभाओं में बढ़त बना रहे हैं। उधर, परिणाम आने से पहले ही जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के लिए जोड़ तोड़ शुरू हो गई है। हालांकि, भाजपा और सपा दोनों ही दल अध्यक्ष का चुनाव जीतने को बहुमत होने का दावा कर रहे हैं।

loksabha election banner

कुंदरकी से समाजवादी पार्टी के हाजी मुहम्मद रिजवान और बिलारी से फहीम इरफान विधायक हैं। इन दोनों की विधानसभा सीटों को सपा का गढ़ कहा जाता है। लेकिन, पंचायत चुनाव में यहां का नजारा ही बदला हुआ है। बिलारी ब्लाक के छह जिला पंचायत सदस्यों में एक को छोड़कर पांच वार्ड में बसपा समर्थित प्रत्याशी ली़ड बनाए हैं। बिलारी ब्लाक में 24 से 29 तक छह वार्ड हैं। इनमें वार्ड नंबर 27 पर भाजपा नेता विश्वास यादव की मां गीता देवी यादव 3,000 मतों से आगे चल रही हैं। इनकी जीत तय मानी जा रही है। विश्वास निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य हैं। वार्ड नंबर 28 में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू देवी पत्नी अनिल चौधरी 3,000 वोटों से अधिक की लीड पर है। यह बसपा से समर्थन से चुनाव मैदान में हैं। वार्ड 26 से संतोष कुमारी पत्नी महेंद्र पाल सिंह बसपा समर्थित 300 मतों से बढ़त बनाए हैं। कुल मिलाकर ब‍िलारी ब्लाक के छह में से पांच जिला पंचायत सदस्य पदों पर बसपा प्रत्याशियों का दबदबा बना हुआ है। इसी तरह कुंदरकी के वार्ड 23 पर सपा विधायक हाजी रिजवान की पुत्रवधू सबा परवीन के अलावा बिलारी विधायक की भाभी शबनम जहां चुनाव मैदान में थी। दोनों विधायकों की सियासी जंग में बसपा नेता हाजी मुहम्मद रफी की पत्नी महजबी बेगम 800 वोटों से आगे चल रहीं हैं। कुंदरकी के ही वार्ड-18 से बसपा के राबुल पाशा लीड बनाए हैं। सपा के समर्थन से चुनाव लड़े नाजिम मलिक और मुहम्मद मारूफ दूसरे और तीसरे नंबर की लड़ाई लड़ रहे हैं।

चौधरी परिवार के तीन सदस्यों ने भी बढ़त बनाई

ठाकुरद्वारा के पूर्व विधायक चौधरी मुहम्मद उल्ला खां के परिवार से अंबर सईद बसपा के समर्थन से जिला पंचायत के वार्ड-सात से चुनाव मैदान में हैं। निर्दलीय प्रत्याशी मुहम्मद रिजवान से करीब चार हजार वोटों से आगे चल रही हैं। वार्ड नौ से पूर्व विधायक की बेटी मुमताज चौधरी मैदान में हैं। वह भी बसपा के समर्थन से ही चुनाव लड़ रही हैं। वह सायरा से करीब 1800 वोटों से आगे हैं। वार्ड छह से चौधरी परिवार की ही तबस्सुम चौधरी भी अपने प्रतिद्वंदी से करीब 700 मतों से आगे हैं। वार्ड पांच से बसपा के समर्थन से पूर्व ब्लाक प्रमुख मुजाहिद हुसैन जिला पंचायत का चुनाव लड़े हैं। वह भी जीत सकते हैं। वार्ड आठ से हाजी सईद और भाजपा के कुलदीप कुमार में कांटे की टक्कर चल रही है। कुंदरकी के वार्ड 21 से डाक्टर शैफाली सिंह लीड बनाए हुए हैं। वार्ड 22 से मुहम्मद नावेद भारी मतों से बढ़त बनाए हैं। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.