मुरादाबाद में गागन नदी पर बनेगा फोरलेन पुल, शासन को भेजा गया प्रस्ताव, 11 गांवों को मिलेगा लाभ
मुरादाबाद में हर्बल पार्क के पास गागन नदी पर चार लेन पुल बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गागन नदी पर फोर लेन पुल का प्रस्ताव भेजा।
नया मुरादाबाद और कांठ रोड के बीच कनेक्टिविटी सुधरेगी।
11 गांवों को लाभ, 4 किमी की दूरी बचेगी।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। गागन नदी के नया मुरादाबाद तटबंध पर फोर लेन पुल बनाने को प्रस्ताव शासन भेज दिया गया है।
नया मुरादाबाद, आवास विकास परिषद की बुद्धि विहार कालोनी, शिवालिक आवासीय योजना और कांठ रोड के बीच सीधी कनेक्टिविटी के लिए मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने पुल निर्माण का प्रस्ताव सेतु निगम के माध्यम से शासन को भिजयावा है। शासन से स्वीकृति मिलते ही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
प्रस्तावित पुल करीब 179 मीटर लंबा और 18 मीटर चौड़ा होगा। इसके निर्माण पर करीब 35 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। पुल बनने से नया मुरादाबाद और कांठ रोड के बीच आवागमन आसान होने के साथ ही आसपास के गांवों को भी बेहतर संपर्क मार्ग मिल सकेगा।
अभी कांठ रोड से सोनकपुर फ्लाईओवर होते हुए नया मुरादाबाद जाने के लिए दिल्ली रोड की ओर घूमकर जाना पड़ता है। इसके बाद नया मुरादाबाद के पश्चिमी छोर तक पहुंचने में करीब चार किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
गागन नदी पर पुल बनने के बाद सोनकपुर फ्लाईओवर से सीधे हर्बल पार्क के पास पहुंचकर नया मुरादाबाद जाना आसान हो जाएगा। इससे करीब चार किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर बचेगा।
प्रस्तावित पुल शिवालिक आवासीय योजना के अंतर्गत आने वाले डिडौरा, डिडौरी, रसूलपुर सुनवाती, फाजलपुर, अंबेडकर गांव समेत करीब 11 गांवों को नया मुरादाबाद से जोड़ेगा। साथ ही कांठ रोड के सोनकपुर और रिंग रोड से भी सीधा संपर्क स्थापित होगा।
अभी फाजलपुर और अंबेडकर गांव के लोग गागन नदी पार करने के लिए लकड़ी के कच्चे पुल का इस्तेमाल करते हैं। फोर लेन पुल बनने से यहां आवागमन सुरक्षित और सुगम हो जाएगा। शासन से मंजूरी मिलने के बाद सेतु निगम डीपीआर तैयार कर निर्माण की कार्रवाई शुरू करेगा।
नया मुरादाबाद में हर्बल पार्क के पास गागन नदी पर फोरलेन पुल बनेगा। 18 मीटर चौड़ा यह पुल होगा। बीच में डिवाइडर रहेगा। जिससे भविष्य में आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी।
-अनुभव सिंह, उपाध्यक्ष, एमडीए
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद सर्किट हाउस में हाई वोल्टेज ड्रामा: मंत्री धर्मपाल सिंह को नहीं मिली VIP सूट की चाबी, जानें पूरा मामला
