विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद: 'साहब! उसने शादी नहीं की...' जहर खाकर थाने पहुंची लिव-इन पार्टनर की मौत, FCI इंस्पेक्टर गिरफ्तार

Published: Tue, 09 Jun 2026 03:47 PM (IST)

मुरादाबाद में शादी से इनकार पर एक युवती ने जहर खाकर जान दे दी। वह पांच साल से एफसीआई के ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र

प्रतीकात्मक चित्र

HighLights

  1. परिवार हिमगिरी कालोनी में रहता, युवती के साथ नया मुरादाबाद में लिव-इन में था आरोपित

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआइ) के चीफ मार्केटिंग इंस्पेक्टर प्रभात सक्सेना के साथ पांच साल से लिव-इन में रह रही पाकबड़ा की युवती ने शादी के इन्कार के बाद जहरीला पदार्थ खा लिया। जहर खाकर युवती मझोला थाने पहुंची और बोली साहब उसने मुझसे शादी नहीं की मैंने जहर खा लिया। पुलिस ने युवती को दिल्ली रोड स्थित साईं अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपित दो बच्चों का पिता और युवती से उम्र में करीब 20 वर्ष बड़ा है।

पुलिस ने युवती के पिता के शिकायती पत्र पर आरोपित प्रभात सक्सेना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कर हिरासत में ले लिया है। दो दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। सिविल लाइंस क्षेत्र के हिमगिरी निवासी प्रभात सक्सेना की वर्तमान तैनाती मेरठ में है। करीब सात साल पहले इसकी मुलाकात पाकबड़ा के एक मुहल्ला निवासी युवती से हुई। युवती बीए पास है।

इसने वर्ष 2020 में शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया था। मामला पुलिस तक पहुंचा था। उसके बाद आरोपित ने युवती को अपने पास बुला लिया और नया मुरादाबाद में एक कमरा किराये पर लेकर लिव-इन में रहने लगा। इसकी जानकारी प्रभात के परिवार को भी हो गई थी, लेकिन इसके बाद भी दोनों लिव-इन में रह रहे थे।

कुछ दिनों से युवती प्रभात पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी के चलते दोनों के बीच विवाद होने लगा। शनिवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद युवती थाने पहुंच गई थी। पुलिस ने आरोपित को भी थाने बुलाया और दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। सोमवार को आरोपित ने युवती से शादी करने की बात कही थी, लेकिन जब शादी नहीं की तो करीब तीन बजे युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया।

जहर खाकर युवती सीधे मझोला थाने पहुंची और पुलिस से बोली उसने मुझसे शादी नहीं की। इसलिए मैंने जहर खा लिया। यह सुनकर पुलिस तुरंत दिल्ली रोड स्थित साईं अस्पताल लेकर पहुंची। जहां उपचार के दौरान रात करीब नौ बजे उसकी मौत हो गई। जानकारी पर युवती के स्वजन भी पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

स्वजन ने तोड़ दिया था नाता, युवती ने मुकदमा लिया था वापस

वर्ष 2020 में युवती ने प्रभात सक्सेना पर पाकबड़ा थाने में दुष्कर्म की धाराओं में प्राथमिकी लिखाई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपित ने युवती से शादी करने की बात कहते हुए समझौता कर लिया था।

इसके बाद युवती ने अपने बयान बदल दिए थे और प्राथमिकी में एफआर लग गई थी। तभी से आरोपित युवती के साथ लिव-इन में रह रहा था। युवती के स्वजन उसे समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह इसी के साथ शादी करने के लिए अड़ी हुई थी। इसी के चलते परिवार ने भी युवती से नाता तोड़ दिया था।

 

युवती मार्केटिंग इंस्पेक्टर के साथ लिव-इन में थी। जब वह थाने पहुंची तो उसने खुद बताया कि मैंने जहरीला पदार्थ खा लिया है। पुलिस ने युवती को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

- कुमार रणविजय सिंह, एसपी सिटी


यह भी पढ़ें- UP पुलिस भर्ती परीक्षा: गणित-GK के प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को छकाया, मुरादाबाद में 5722 ने छोड़ी परीक्षा; केंद्रों पर दिखी सख्त चेकिंग