विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लैटिन अमेरिका से सिंगापुर तक... मुरादाबाद में विदेशों से आ रही क्रिसमस ट्री पर सजाए जाने वाले स्टार-हैंगिंग की मांग

Published: Tue, 20 Oct 2026 03:32 PM (IST)

मुरादाबाद के हस्तशिल्प निर्यातक क्रिसमस 2027 के लिए तैयारी में जुट गए हैं, जिसमें लैटिन अमेरिका, मॉरीशस और सिंगापुर के ग्राहकों को नए डिजाइन भेजे जा रहे हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. मुरादाबाद निर्यातक क्रिसमस 2027 के लिए हस्तशिल्प तैयारी में जुटे।

  2. लैटिन अमेरिका, मॉरीशस, सिंगापुर ग्राहकों को भेजे जा रहे नए डिजाइन।

  3. धातु कीमतों के कारण आयरन, स्टील उत्पादों पर जोर।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। क्रिसमस 2027 के लिए मुरादाबाद के हस्तशिल्प निर्यातकों ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। 13 से 17 अक्टूबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में लगे अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में लैटिन अमेरिका, मॉरीशस और सिंगापुर के ग्राहकों से निर्यातकों का संपर्क हुआ था।

अब निर्यातकों ने इन ग्राहकों को क्रिसमस से जुड़े नए उत्पादों के डिजाइन, आकार और अन्य विवरण की पीडीएफ भेजनी शुरू कर दी है। मेले में विदेशी ग्राहक भी उत्पाद के फोटो क्लिक करके ले गए थे। अब ग्राहकों की पसंद और आर्डर की मात्रा के आधार पर उत्पादों की कीमत तय करने की तैयारी है।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में सालभर पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध, दीवाली-क्रिसमस पर भी नहीं फोड़ सकेंगे; बॉम्बे हाईकोर्ट ने जारी किया आदेश

विदेशी बाजार में क्रिसमस की सजावट से जुड़े उत्पादों की मांग को देखते हुए निर्यातक कई महीने पहले से डिजाइन तैयार करते हैं। क्रिसमस ट्री पर सजाए जाने वाले आभूषण, स्टार, हैंगिंग, कैंडल होल्डर और घरों की सजावट में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं के नए नमूने ग्राहकों को दिखाए जाते हैं।

निर्यातक विवेक अग्रवाल ने बताया कि पीतल समेत दूसरी धातुओं की कीमतों में बढ़ोतरी ने निर्यातकों की लागत बढ़ा दी है। ऐसे में केवल डिजाइन और मांग ही नहीं, बल्कि उत्पाद बनाने में इस्तेमाल होने वाली धातु भी कारोबार का अहम हिस्सा है। निर्यातक आयरन और स्टील से बने उत्पादों पर भी जोर दे रहे हैं, ताकि लागत के मुताबिक विदेशी ग्राहकों को विकल्प दिए जा सकें।

विदेशी ग्राहकों तक नए डिजाइन पहुंचाए गए हैं। क्रिसमस 2027 के उत्पादों को लेकर मिले संपर्कों को आर्डर में बदलने के लिए अब कीमत और उत्पाद की जरूरतों पर सहमति बनाना महत्वपूर्ण होगा।
जेपी सिंह, अध्यक्ष, यंग एंटरप्रेन्योर सोसायटी