Moradabad Coronavirus News : सेवा भारती की पहल, कोरोना संक्रमितों के लिए आज से शुरू हो गया आइसोलेशन वार्ड
आरएसएस अपनी सहयोगी संस्था सेवा भारती के माध्यम से मंगूपुरा स्थित कृष्णा बाल विद्या मंदिर इंटर कालेज में 25 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाने जा रहा है। वार्ड का शुभारंभ आज शाम चार बजे प्रांंत सेवा प्रमुख कुलदीप कुमार एवं प्रांंत व्यवस्था प्रमुख अजय गोयल संयुक्त रूप से किया।
मुरादाबाद, जेएनएन। आरएसएस अपनी सहयोगी संस्था सेवा भारती के माध्यम से मंगूपुरा स्थित कृष्णा बाल विद्या मंदिर इंटर कालेज में 25 बेड का आइसोलेशन वार्ड बना दिया है। वार्ड का शुभारंभ शाम चार बजे प्रांंत सेवा प्रमुख कुलदीप कुमार एवं प्रांंत व्यवस्था प्रमुख अजय गोयल ने किया।
प्रांंत सेवा प्रमुख कुलदीप कुमार ने कहा कि यह सेंटर कोरोना के सामान्य मरीजों के लिए बनाया गया है। सेवा परमो धर्म: के भाव से आरएसएस हर आपदा से उबरने का हर संभव प्रयास करता है। पूरे देश भर में जगह-जगह सेवा कार्य शुरू हो चुके हैं। महानगर में भी बहुत सारे स्वयंसेवक सक्रिय है, जो लोगों तक मदद पहुंचा रहे हैं। मुरादाबाद के कार्यकर्ताओं ने महानगर के लोगों की परेशानी को देखते आइसोलेशन केंद्र प्रारंभ करने का सराहनीय कार्य किया है।
प्रांंत व्यवस्था प्रमुख अजय गोयल ने बताया कि इस पुनीत कार्य को समाज के एक वर्ग ने सराहा है और सहयोग भी किया है। अग्रसेन सभा, कृष्णा बाल विद्या मंदिर आदि अनेक संस्थाएं सहयोग कर रहीं हैं। विभाग प्रचारक प्रीतम सिंह ने स्वयंसेवकों का मनोबल बढ़ाया और कहा कि मानव सेवा ही हमारा धर्म है। इस केंद्र को सुचारु रूप से चलाने के लिए एक टोली विभाग संघचालक ओमप्रकाश शास्त्री के दिशा निर्देशन में कार्य करेगी। इसमेंं विभाग प्रचार प्रमुख पवन जैन, प्रधानाचार्य ओमप्रकाश सिंह, डॉ विनीत गुप्ता, सुरेन्द्रपाल सिंह, संदीप सिंघल, डॉ राजकमल गुप्ता, अनिल रस्तोगी, विपिन चौधरी, महेश चन्द्र, शरद जैन, सहित महानगर के संघ एवं अनुषांगिक संगठनों के कार्यकर्ता लगे हैं।
वार्ड में ये लोग किए जाएंगे भर्ती
इस वार्ड में उन लोगों को भर्ती किया जाएगा, जिनके घर में क्वारंटाइन होने की सुविधा नहीं है। आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था हेतु गूगल मीट पर बैठक हुई। विभाग प्रचारक प्रीतम सिंह ने कहा कि कठिन समय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समाज सेवा के लिए तत्पर है। इस संकट की घड़ी में जो परिवार कोरोना से संक्रमित हैं। वह यहां आइसोलेट हो सकेंगे। संक्रमित व्यक्ति को चिकित्सीय परामर्श के साथ भोजन, जलपान, चाय, काढ़ा, आवश्यक दवा आदि सब कुछ निश्शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। योग और आध्यात्मिक कार्यक्रम भी मन को मजबूत करने के लिए रखे गए हैं। इस प्रयास से खासकर उन लोगों को सहूलियत होगी, जिनके घर में अलग कमरे या अलग शौचालय नहीं हैं। जरूरत पड़ने पर भविष्य में इसे 50 बेड का भी किया जा सकता है। बैठक की अध्यक्षता विभाग संघचालक ओमप्रकाश शास्त्री ने संचालन महानगर कार्यवाह सुरेन्द्रपाल सिंह ने किया। बैठक में विभाग प्रचार प्रमुख पवन जैन, विद्यालय के प्रधानचार्य ओमप्रकाश सिंह, डॉ राजकमल गुप्ता, विपिन चौधरी, डॉ विनीत गुप्ता, महेश चंद्र आदि उपस्थित थे।