Corona Vaccination in Moradabad : महिलाओं के लिए चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की तैयारी
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान पूरे जोर-शोर के साथ चलाया जा रहा है। लेकिन अब स्वास्थ्य विभाग महिलाओं के लिए विशेष टीकाकरण अभियान अगले सप्ताह से शुरू करने जा रहा है। इससे महिलाओं को काफी मदद मिलेगी।
मुरादाबाद, जेएनएन। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान पूरे जोर-शोर के साथ चलाया जा रहा है। लेकिन, अब स्वास्थ्य विभाग महिलाओं के लिए विशेष टीकाकरण अभियान अगले सप्ताह से शुरू करने जा रहा है। इस विशेष सत्र को जिला महिला चिकित्सालय और नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किसरौल में लगाया जाएगा। इसमें 18 साल या उससे अधिक उम्र की महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा।
18 साल से अधिक की महिलाओं के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। जबकि 45 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं मौके पर व्यवस्था होगी।
दो जगह लगेंगे अभिभावक सत्र
स्वास्थ्य विभाग अभिभावक सत्र भी लगाएगा। इसमें उन अभिभावकों का टीकाकरण किया जाएगा जिनके बच्चे 12 साल तक के होंगे। इनके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा। इसके लिए अरबन हेल्थ सेंटर फकीरपुरा, अरबन हेल्थ सेंटर टाउन हाल पर टीकाकरण किया जाएगा।
टीकाकरण के लिए विशेष सत्रों की व्यवस्था की गई है। महिलाओं के साथ ही अभिभावकों के लिए भी टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। इसमें लापरवाही नहीं बरतें। केंद्रों पर साेमवार से टीकाकरण के लिए पहुंचें।
डॉ. दीपक वर्मा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी