450 रुपये की पीतल ज्योत अब 250 में! इस बार बजट फ्रेंडली लोहे की शीट वाली अखंड ज्योत से रोशन होंगे घर
पीतल की बढ़ती कीमतों के कारण इस दीपावली पर लोहे की शीट से बनी अखंड ज्योत बाजार में आई है। ...और पढ़ें

एआई इमेज है।
HighLights
पीतल की ढलाई वाली अखंड ज्योत को भी खुदरा व्यापारियों ने कराया बुक
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। पीतल की बढ़ती कीमत ने दीपावली के बाजार में नए विकल्प तलाशने शुरू कर दिए हैं। अब तक पीतल की शीट से बनने वाली अखंड ज्योत की मांग रहती थी, लेकिन इस बार लोहे की शीट से तैयार अखंड ज्योत भी बाजार में आ गई है। मकसद साफ है कि धातु की कीमत बढ़ने के बावजूद दीपावली की रोशनी हर घर तक पहुंचे।
हलके वजन और अपेक्षाकृत कम लागत वाले दीपकों को ग्राहक पसंद कर रहे हैं। पीतल की सिल्ली करीब 950 रुपये प्रति किलो है। बनाई और शीशा लगाने के बाद कीमत बढ़ जाती है।
उदाहरण के तौर पर 200 ग्राम की पीतल की अखंड़ ज्योत करीब साढ़े चार सौ रुपये की है और लाेहे में बनी यह अखंड ज्योत ढाई सौ रुपये में है। इसमें अलग-अलग साइज के हिसाब से दाम है।
मुरादाबाद के थोक बाजार में 10 से अधिक व्यापारियों के पास पीतल और लोहे की शीट से बनी अखंड ज्योत के आर्डर आए हैं। अमरोहा, संभल, रामपुर, बिजनौर, नगीना और धामपुर के व्यापारियों ने दीपावली की बिक्री के लिए माल बुक कराया है।
थोक कारोबारियों ने मांग को देखते हुए त्योहार से पहले ही स्टाक तैयार करा लिया है। इससे खुदरा बाजार में अचानक मांग बढ़ने पर भी माल की कमी न हो। पीतल की खूबसूरती और टिकाऊपन के कारण अखंड ज्योत में इसकी अपनी पहचान है।
मगर, धातु महंगी होने से इसका तैयार उत्पाद महंगा पड़ता है। दूसरी ओर लोहे की शीट को आकार देकर बनाई गई ज्योत हलकी होती है। इसे संभालना और एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना भी आसान है।
यही वजह है कि कारोबारियों ने इस बार हलके वजन के दीपक अधिक संख्या में तैयार कराए हैं। दीपावली पर घर की सजावट के लिए दीपक, घंटी, अखंड ज्योत समेत कई पीतल उत्पाद खरीदे जाते हैं। ऐसे में हर वस्तु पीतल की लेने पर बजट बढ़ जाता है।
पूजन के लिए तो पीतल ही चाहिए लेकिन, सजावट के लिए लोहे की शीट वाली अखंड ज्योत इसी खर्च को कम करने का रास्ता दे रही है। व्यापारी अमरीश अग्रवाल के अनुसार, दीपावली के लिए हमारे पास पीतल और लोहे की अखंड ज्योत उपलब्ध हैं।
