विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खुशखबरी: पीतल नगरी को मिला 100 बेड का ESIC अस्पताल, 4.5 लाख से अधिक लोगों को मिलेगा सीधा फायदा

Published: Mon, 06 Jul 2026 08:58 PM (IST)

मुरादाबाद में लाखों श्रमिकों के लिए 100 बेड के ESIC अस्पताल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज है।

एआई जेनरेटेड इमेज है।

HighLights

  1. हरथला की वेब सिनेमा के पास 2.025 हेक्टेयर भूमि आवंटित

  2. मंडल के श्रमिकों व उनके स्वजन का निश्शुल्क होगा इलाज

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। मंडल के लाखों औद्योगिक श्रमिकों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित 100 बेड के कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। यह अस्पताल वेब सिनेमा के पास बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में हरथला गांव स्थित 9.984 हेक्टेयर सरकारी भूमि में से 2.025 हेक्टेयर भूमि निश्शुल्क आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।

इस अस्पताल के बनने से जिले के 93,591 बीमित श्रमिकों और उनके 3.55 लाख से अधिक आश्रितों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। मंडल के सभी जिलों के लाखों श्रमिकों को यहां इलाज कराने की सुविधा मिलेगी। अभी तक श्रमिकों को कटघर स्थित ईएसआईसी डिस्पेंसरी, निजी पैनल अस्पतालों अथवा दूसरे शहरों के अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ता है।

मुरादाबाद पीतल उद्योग और अन्य औद्योगिक इकाइयों के कारण प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक जिला है। यहां हजारों कर्मचारी फैक्ट्रियों में कार्यरत हैं, लेकिन उनके लिए अब तक केवल ईएसआईसी की एक डिस्पेंसरी ही संचालित थी। गंभीर मरीजों को सीएल गुप्ता, टीएमयू और अन्य पैनल अस्पतालों में रेफर किया जाता था।

अस्पताल बनने के बाद इलाज की बेहतर और समग्र सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध होगी। इस अस्पताल की मांग कई वर्षों से श्रमिक संगठनों और उद्योग प्रतिनिधियों द्वारा उठाई जा रही थी। मंडलीय उद्योग बंधु की बैठकों में भी यह मुद्दा लगातार प्रमुखता से रखा गया।

मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह के निर्देश पर तत्कालीन जिलाधिकारी अनुज सिंह ने वेब सिनेमा के पास उपयुक्त भूमि चिन्हित कर शासन को प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद 27 जून 2025 को नई दिल्ली में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में हुई कर्मचारी राज्य बीमा निगम की बैठक में मुरादाबाद में 100 बेड अस्पताल की स्थापना को स्वीकृति मिली थी।

अब प्रदेश कैबिनेट की मंजूरी के साथ भूमि आवंटन की प्रक्रिया भी पूरी हो गई है। अस्पताल निर्माण की अगली प्रक्रिया के तहत विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। इसके बाद ईएसआईसी कार्यदायी संस्था का चयन कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

अस्पताल बनने से न केवल मुरादाबाद बल्कि आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के श्रमिकों को भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और उपचार के लिए दूसरे शहरों की दौड़ काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।

 

प्रदेश कैबिनेट से मंजूरी मिलना मुरादाबाद के श्रमिकों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। 100 बेड का ईएसआईसी अस्पताल बनने से बीमित श्रमिकों और उनके आश्रितों को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिलेंगी। अब डीपीआर तैयार कर निर्माण प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी।

- राजेंद्र कुमार सिंह, शाखा प्रबंधक, ईएसआईसी, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार


यह भी पढ़ें- मुरादाबाद BJP में मची रार! होर्डिंग से गायब की प्रदेश उपाध्यक्ष की फोटो, 'सफेद कागज' ने खोली गुटबाजी की पोल