निकाह का नाेटिस देखकर दुष्कर्म पीड़िता ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में लिखा चार लोगों का नाम
Misdeed Victim Suicide बिना निकाह किए ही वकील द्वारा भेजे गए निकाहनामे के नोटिस को देखकर एक दुष्कर्म पीड़िता तनाव में आ गई। इसके बाद फांसी लगाकर उसने जान दे दी। युवती ने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। Misdeed Victim Suicide : बिना निकाह किए ही वकील द्वारा भेजे गए निकाहनामे के नोटिस को देखकर एक दुष्कर्म पीड़िता तनाव में आ गई। इसके बाद फांसी लगाकर उसने जान दे दी। युवती ने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा। जिसमें गांव के चार लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की धाराओं में मुकदमा लिखकर दो को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला यूपी के अमरोहा जनपद के एक गांव का है। यहां रहने वाली एक युवती ने 17 मार्च को गांव के ही रहने वाले शाहरुख के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बताते हैं कि अब आरोपित जेल से छूटकर बाहर आया तो उसने पीड़िता को परेशान करना शुरू कर दिया।
इतना ही नहीं वकील के माध्यम से युवती के घर पर निकाह करने व युवती को पत्नी बताते हुए उसे ससुराल में बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए नोटिस भी भिजवा दिया। नोटिस मिलने के बाद स्वजन के होश उड़ गए। उन्होंने युवती से जानकारी की तो निकाह से इन्कार कर दिया।
इस बात पर युवती गहरे तनाव में पहुंच गई और सोमवार की रात को अपने ही कमरे में पंखे पर दुपट्टे से फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मृतका ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है। जिसमें लिखा है कि मेरी मौत के जिम्मेदार गांव के शाहरुख, उसके भाई निजाम व जाहिद के अलावा रिश्तेदार मुकीम हैं। मंगलवार की सुबह मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।
सुसाइड नोट को सील करते हुए चारों के खिलाफ मुकदमा लिख लिया है। प्रभारी निरीक्षक राजेश तिवारी ने बताया कि आरोपितों में शाहरूख व जाहिद को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका ने शाहरुख के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग का मामला था।