मंत्री भूपेंद्र सिंह बोले-सभी को आवास और शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध Moradabad News
महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्रा ने कहा कि समाज के सभी वर्गों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
मुरादाबाद, जेएनएन। प्रदेश सरकार के पंचायत राज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा पेश किये गये बजट से विकास को गति मिलेगी। इससे सभी वर्ग के लोगों को लाभ होगा। 2022 तक सभी को आवास एवं 2024 तक हर घर तक शुद्ध पानी पहुंचाने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार कटिबद्ध है।
पंचायत भवन में केंद्र और प्रदेश सरकार के बजट पर आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि अब ग्राम सभाओं में सामुदायिक शौचालय बनने जा रहे हैं। अंत्येष्टि स्थल बन रहे हैं। ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत बजट का प्रावधान किया गया है। एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा कि विपक्ष ने बजट के बाद नकारात्मक टिप्पणी नहीं की है। पूर्व सांसद सतपाल सैनी ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद 400 योजनाएं पारदर्शिता के साथ चल रही हैं। क्षेत्रीय मंत्री देवराज सिंह ने कहा कि सरकार देश को मजबूत बनाने का कार्य कर रही है। सूर्य प्रकाश पाल, गोपाल अंजान, महेंद्र गुप्ता, सुरेश सैनी, काव्य रस्तोगी, श्याम बिहारी शर्मा, कमल गुलाटी आदि मौजूद रहे।