यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 19, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
खनन माफिया ने मुरादाबाद कोर्ट में किया सरेंडर, एसडीएम को बंधक बनाकर छुड़ा लिए थे खनन के वाहन
Moradabad Mining Mafia Surrendered मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा एसडीएम और खनन अधिकारी को बंधक बनाकर डंफर छुड़ाने के मामले में आरोपित ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। Moradabad Mining Mafia Surrendered : मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा एसडीएम और खनन अधिकारी को बंधक बनाकर डंफर छुड़ाने के मामले में आरोपित दिलशाद ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। आरोपित पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
एसडीएम को 13 सितंबर को बनाया था बंधक
सीजेएम कोर्ट में सरेंडर के बाद आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। 13 सितंबर को ठाकुरद्वारा एसडीएम परमानंद सिंह और खनन निरीक्षक अशोक कुमार ने पांच डंपर पकड़े थे। डंफर पकड़े जाने के बाद खनन माफिया ने अपने साथियों के साथ पहुंचकर अफसरों को बंधक बना लिया था। इसके बाद तीन डंपरों को छुड़ाकर ले गए थे।
आरोपित पर घोषित था 50 हजार रुपये का इनाम
इस मामले में खनन निरीक्षक की तहरीर पर ठाकुरद्वारा थाने में पांच नामजद और 150 अज्ञात आरोपितों पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने आठ आरोपितों पर इनाम घोषित किया था। जिसमें 50 हजार का इनामी ठाकुरद्वारा के रत्तुपुरा निवासी दिलशाद का भी शामिल था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। वहीं गिरफ्तारी पर स्टे भी ले रखा था।
सीजेएम कोर्ट में आरोपित ने किया सरेंडर
हालांकि पुलिस के द्वारा गैंगस्टर की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद वह वांछित हो गया था। मंगलवार को आरोपित दिलशाद ने पुलिस सतर्कता का मजाक उड़ाते हुए सीजेएम कोर्ट में अधिवक्ता के माध्यम से सरेंडर कर दिया। कोर्ट ने आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। ठाकुरद्वारा थाने के अस्थायी निरीक्षक विजेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपित दिलशाद के कोर्ट में सरेंडर करने की सूचना प्राप्त हुई है। आरोपित को सीजेएम कोर्ट से जेल भेजा गया है।
अफवाहों से रहें सावधान
आगामी त्योहारों को पुलिस लाइन में पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पुलिस अफसरों ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से दीपावली का त्योहार मनाएं। इस दौरान अफवाहों पर ध्यान ने दें। अगर कोई सामाजिक माहौल को खराब करने का प्रयास कर रहा है,तो उसके बारे में तत्काल पुलिस अधिकारियों को सूचना दें, ताकि ऐसे लोगों पर कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
एसएसपी हेमंत कुटियाल ने कहा कि अगर क्षेत्र में कहीं पर कोई अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर रहा है,तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। इसके लिए अलग से कंट्रोल रूम का नंबर जारी किया जाएगा। इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहे संदेश पर ध्यान न दें। अफवाहों को रोकने के लिए सभी का सतर्क रहना जरूरी है।
शाम को एडीजी ने मुगलपुरा थाना में स्थानीय लोगों के साथ बैठक करके शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। इस दौरान डीआइजी शलभ माथुर,सिटी मजिस्ट्रेट ज्योती सिंह,सीओ सिविल लाइंस डाक्टर अनूप सिंह के साथ अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
