एमडीए के मास्टर प्लान में शामिल होंगे दो सौ गांव, इस योजना पर चल रहा काम
अभी अवर अभियंता क्षेत्रों में भ्रमण करके अवैध निर्माण की जांच करते हैं जबकि जीआइएस बेस्ड मास्टर प्लान बन जाने के बाद कंप्यूटर में ही अवैध निर्माण को देखना आसान होगा।
मुरादाबाद, जेएनएन। किसी भी शहर का विकास उसकी महायोजना पर निर्भर होता है। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण में मास्टर प्लान 2021 के तहत काम किया जा रहा है। हालांकि, इस मास्टर प्लान के अनुरूप अभी तक 60 फीसद ही काम हुआ है। नियमानुसार प्रत्येक दस वर्ष में नया मास्टर प्लान तैयार करने का नियम है। ऐसे में इस बार मास्टर प्लान 2031 की रूपरेखा हाईटेक तरीके से तैयार की जा रही है। नए मास्टर प्लान में शहरी क्षेत्र के आस-पास के 200 गांवों को शामिल करने की योजना तैयार कर ली गई है। नागपुर की कंपनी क्रिएटिव सर्किल को मास्टर प्लान 2031 बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। यह पहली बार होगा जब इसरो से संबद्ध संस्था हैदराबाद स्थित नेशनल रिमोट सेंङ्क्षसग सेंटर की मदद से जीआइएस ( जियोग्राफिक इंफॉर्मेशन सिस्टम) बेस्ड मास्टर प्लान तैयार होगा।
जीआइएस आधारित मास्टर प्लान से शहर के आउटर और अवैध कॉलोनियों की जानकारी मौजूद होगी। नियोजन विभाग की वेबसाइट पर भी इस मैप को देखकर आसानी से जानकारी हासिल की जा सकेगी। नई तकनीकी के प्रयोग से अवैध निर्माण को रोकना भी आसान होगा। एमडीए के अधिकारियों ने बताया कि जीआइएस बेस्ड मास्टर प्लान में भौगोलिक स्थितियों को आसानी से गूगल मैप से देखा जा सकता है।
60 लाख 28 हजार रुपये मास्टर प्लान में होंगे खर्च
शहर का नया मास्टर प्लान में बनवाने में एमडीए को 60 लाख 78 हजार रुपये बजट खर्च कर रहा है। कंपनी के साथ अनुबंध साल 2019 में हो गया था लेकिन, अभी तक काम नहीं शुरू किया गया था। हाल ही में एमडीए के प्रभारी उपाध्यक्ष एवं जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंहने मास्टर प्लान बना रही कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने मास्टर प्लान 2031 को जल्द तैयार करने के निर्देश दिए थे। लॉकडाउन के कारण भी काम शुरू नहीं हो पाया था, लेकिन अब कंपनी ने मास्टर प्लान तैयार करने के लिए सर्वे का काम शुरू कर दिया है।
30 सितंबर तक तैयार हो जाएगा मास्टर प्लान
किएटिव सर्किल कंपनी एनआरएससी की मदद से मास्टर प्लान 2031 को तैयार कर रही है। एमडीए के अधिकारियों ने कंपनी की समय सीमा 30 सितंबर 2020 तय कर दी है। आगामी तीन माह में मास्टर प्लान तैयार करके एमडीए को सौंपना होगा।
मास्टर प्लान 2031 को जल्द तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। लॉकडाउन के कारण यह प्रक्रिया रुक गई थी। दोबारा बैठक करके सितंबर माह तक मास्टर प्लान तैयार करने के लिए संबंधित संस्था से कहा गया है। इस संबंध में ऑनलाइन बैठक भी संपन्न हो चुकी है। मास्टर प्लान में लगभग 200 गांव को शामिल किया जाएगा।
- प्रेरणा शर्मा, सचिव, एमडीए