अमरोहा में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, स्वजन बोले-हत्या हुई है, हंगामा
Dead body hanging हत्या का आरोप लगाते हुए मायके वालों ने किया हंगामा। मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस को पोस्मार्टम रिपोर्ट का इंतजार। ग्रामीण दबी जबान में मृतका के साथ मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या की चर्चा कर रहे हैं।
अमरोहा, जेएनएन। जिले के ढवारसी मेें आदमपुर थाना क्षेत्र के नगला खादर गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उसका शव घर में फांसी के फंदेे पर लटका मिला। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
कोतवाली हसनपुर के गांव सिरसा गुर्जर निवासी सोलू सिंह ने अपनी बेटी लक्ष्मी देवी की शादी करीब दो वर्ष पहले आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला खादर निवासी श्रीपाल सिंह के साथ की थी। स्वजनों के मुताबिक मध्य रात्रि में लक्ष्मी का शव फांसी पर लटका देखकर परिवार में हलचल मच गई। स्वजनों ने इसकी सूचना मायके वालों को दी। मायके वाले एकत्र होकर नगला खादर पहुंचे तथा हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मृतका ने अपने पीछे करीब ढाई महीने की अबोध बच्ची को छोड़ा है। प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि विवाहिता का शव फांसी पर लटका मिला है। मामले की जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
पति को गलत संगत में जाने से रोकती थी विवाहिता
लक्ष्मी देवी अपने पति श्रीपाल को गांव के शराबी किस्म के लड़कों के साथ जाने से मना करती थी। जिस पर पति नाराज रहता था और आए दिन पिटाई करता था। सूत्रों की मानें तो रात उसकी पिटाई की गई थी। जिससे क्षुब्ध होकर उसने जान दे दी।
तो क्या गला दबाकर कर दी हत्या
ग्रामीण दबी जबान में मृतका के साथ मारपीट के बाद गला दबाकर हत्या की चर्चा कर रहे हैं। गांव में चर्चा है कि मृतका के फांसी पर लटकने की बात केवल उसका पति और सास ही कह रहे हैं। जबकि, शनिवार की सुबह को मायके पक्ष के गांव पहुंचने पर शव कमरे में बेड पर ही पड़ा था। शायद इसी आधार पर मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या करने का आरोप लगाया है।