मर्दानी बनी पारूल, चेन खींचने आए बाइक सवार बदमाश से भिड़ी
सिविल लाइंस थाना इलाके में चेन स्नेचिंग को आए बाइक सवार बदमाश से भिड़ गई। चेन टूट गई, लेकिन महिला ने उसे बदमाश को ले जाने नहीं दिया। बदमाश को भागना पड़ा।
रामपुर (जेएनएन) : सिविल लाइंस में चेन स्नेचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अब फिर एक महिला की चेन खींचने का प्रयास किया गया। हालांकि महिला बहादुर निकली और बदमाश से भिड़ गई। चेन टूट गई, लेकिन महिला ने उसे बदमाश को ले जाने नहीं दिया। बदमाश को भागना पड़ा। महिला की बहादुरी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी है।
घटना बाबादीप सिंह नगर की है। यहां प्रापर्टी डीलर पंकज गोयल परिवार के साथ रहते हैं। उनके घर गुरुवार सुबह अखंड रामायण शुरू हुई। शुक्रवार को रामायण का समापन और फिर भंडारा होना था। प्रापर्टी डीलर की पत्नी पारूल गोयल मुहल्ले में रहने वाले लोगों को भंडारे का निमंत्रण देने गई थीं। रात करीब आठ बजे बाबादीप ङ्क्षसह नगर चौराहे पर बाइक सवार बदमाश ने उन्हें अकेला देख गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ली। महिला अचानक हुए हमले से घबरा गई, लेकिन बाद में वह चेन बचाने को बदमाश से भिड़ गई। महिला के विरोध के सामने बदमाश ज्यादा देर नहीं टिक सका और लोगों को आता देख वहां से भाग गया। महिला की चेन टूट गई, लेकिन उसने बदमाश को ले जाने नहीं दिया। महिला ने घर आकर पति को जानकारी दी। प्रापर्टी डीलर ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना दे दी है। गौरतलब है कि इससे पहले आठ नवंबर को शिवापुरम कालोनी निवासी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अर्चना मिश्रा पत्नी अनुराग मिश्रा की सोने की चेन कालोनी के बाहर हाईवे पर बाइक सवार दो बदमाशों ने लूट ली थी। 12 नवंबर को ज्वालानगर रफत कालोनी निवासी आरपी सिंह की पत्नी यशबाला की चेन राम-रहीम पुल पर बदमाशों ने खींच ली थी। घटना के समय वह पति के साथ बाइक पर जा रही थीं। ये दोनों घटनाएं सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में हुई थी। पुलिस अभी तक किसी घटना का पर्दाफाश नहीं कर सकी है।