शनिवार रात को बंद रहेगा लोकोशेड पुल, दूसरे मार्ग से निकलें Moradabad news
लोकोशेड पुल का एक हिस्सा बंद होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मुरादाबाद, जेएनएन। सब कुछ सामान्य रहा तो रविवार को लोकोशेड पुल पर गर्डर रखा जाएगा। इसके लिए शनिवार की रात 12 बजे से पुल पर वाहनों का आना-जाना रोक दिया जाएगा। रात के समय ट्राले पर गर्डर रखा जाएगा। गुरुवार को रेल प्रबंधन की ओर से रेल ब्लाक जारी होने की उम्मीद है। शिवरात्रि की वजह से यातायात पुलिस ने रेलवे निर्माण विभाग के पत्र पर निर्णय नहीं लिया है। अलबत्ता शनिवार की रात बारह बजे से दिल्ली रूट पर यातायात बंद करने की मौखिक अनुमति दी है।
रेल प्रबंधन की अनुमति के बाद रविवार को रेल ब्लाक संभव होगा। सूत्रों का कहना है कि क्रेन आने के बाद ठेकेदार की चिंता बढ़ गयी है। ठेकेदार मनुदेव का कहना है कि ब्लाक की तिथि तय नहीं होने से काम रुका है। क्रेन का किराया अधिक है।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर एसएसए रिजवी ने बताया कि सिविल प्रशासन ने शनिवार के ब्लाक पर सहमति दे दी है। उसी रात बारह बजे से रूट डायवर्ट किया जाएगा और गर्डर ट्राला पर रखा जाएगा। दिन में गर्डर खंभों पर रखा जाएगा।