अमरोहा में खेत में पड़ा मिला तेंदुए का शव, किसानों को देख पास खड़ा तेंदुआ भाग निकला, जानें कैसे मरा तेंदुआ
Leopards dead body Found in Amroha उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद के सुनपुरा गांव के एक खेत में गुरुवार को तेंदुए का शव मिला है। उसके मुंह व नाक से खून निकल रहा था। जबकि एक अन्य तेंदुआ उसके पास खड़ा था।
मुरादाबाद, जेएनएन। Leopards dead body Found in Amroha : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद के सुनपुरा गांव के एक खेत में गुरुवार को तेंदुए का शव मिला है। उसके मुंह व नाक से खून निकल रहा था। जबकि एक अन्य तेंदुआ उसके पास खड़ा था। किसान को देख कर वह गन्ने के खेत में चला गया। मौके पर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम ने तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन विभाग के अधिकारी तेंदुए की मौत का कारण आपसी लड़ाई मान रहे हैं। जबकि स्थानीय लोगों का मानना है कि करंट लगने से तेंदुए की मौत हुई है।
मामला देहात थाना क्षेत्र के गांव सुनपुरा का है। यहां पर किसान आदेश शर्मा का परिवार रहता है। उनके खेत पर ट्यूबवेल है। गुरुवार को आदेश शर्मा खेत पर गए थे। जैसे ही वह ट्यूबवेल के पास स्थित ट्रांसफारमर के नजदीक पहुंचे तो उन्होंने वहां पर तेंदुए का शव पड़ा देखा। उसी दौरान दूसरा तेंदुआ गन्ने के खेत से निकल कर आ रहा था। किसान को देख कर वह फिर से गन्ने के खेत में चला गया। आदेश शर्मा फौरन गांव आए तथा ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
थोड़ी ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। उसके बाद डीएफओ देवमणि मिश्रा व एसओ देहात सुनील मलिक भी टीम लेकर मौके पर पहुंचे तथा मामले की पड़ताल की। तेंदुआ के मुंह व नाक से खून निकल रहा था। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया गया है। डीएफओ ने बताया कि संभवत दूसरे तेंदुआ के लड़ाई के दौरान इस तेंदुआ की मौत हुई है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हो जाएगा। ग्रामीणों का मानना है कि तेंदुए की मौत करंट लगने से हुई है। क्योंकि जिस स्थान पर शव मिला है वहां ट्रांसफारमर से एक तार लटका हुआ है। संभवत करंट से तेंदुए की मौत हुई है।