तेंदुए ने बछड़े को बनाया निवाला, ग्रामीणों में दहशत
मुरादाबाद जेएनएन तेंदुए ने हमला कर एक बछड़े को अपना निवाला बना लिया जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत है।
मुरादाबाद, जेएनएन : तेंदुए ने हमला कर एक बछड़े को अपना निवाला बना लिया जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत है। सूचना पर पहुंचे हिंदू संगठनों के लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर तेंदुए को पकड़ने की माग की है।
छजलैट थाना क्षेत्र के ग्राम पचोकरा निवासी मनीष शर्मा ने अपने खेत के पास एक बछड़े पर तेंदुए को हमला करते देखा तो वह घबरा गया। उसने शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। शोर-शराबे सुनकर दर्जनों ग्रामीण घटनास्थल की तरफ को दौड़े। तब तक तेंदुआ बछड़े को मारकर भाग निकला। इसके बाद ग्रामीणों ने हिंदू संगठनों के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर हिंदू जागरण मंच के पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजीव चौधरी, विश्व हिंदू महासंघ के जिला सह संयोजक ब्रिजेश चौधरी आदि घटनास्थल पर पहुंचे। आसपास घूम कर तेंदुए के पंजे के निशान भी देखे और वन विभाग के अधिकारियों, खंड विकास अधिकारी तथा छजलैट पुलिस को घटना की जानकारी दी। ग्राम पचोकरा, चक समदपुर, सदरपुर, संदलीपुर सहित आधा दर्जन गांवों के लोगों में तेंदुए को लेकर दहशत है। ग्रामीणों तथा हिंदू संगठनों के लोगों ने वन विभाग के अधिकारियो से तेंदुए को पकड़वाने की माग की है।