Leopard in Amroha : अमरोहा में घूम रहे तेंदुआ, अकेले न निकलें घरों से बाहर
Leopard in Amroha वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह ने बताया कि सेंचुरी क्षेत्र में जंगली जानवर चहल कदमी करते हैं। यहां तेंदुए की उपस्थिति से इन्कार नहीं किया जा सकता।
अमरोहा। जिले के बछरायूं के ग्राम ढयौटी में तेंदुआ लगातार सक्रिय है। वह आए जानवरों को अपना शिकार बना रहा है। इसकी वजह से लोग दहशत हैं। लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़वाने की मांग की है।
रात में तेंदुए ने गांव में एक कुत्ते को अपना शिकार बना लिया। वहीं कुछ ग्रामीणों ने भी कृषि कार्य के दौरान खेतों में तेंदुए को देखे जाने का दावा किया है। दूसरी तरफ वन विभाग इससे इनकार कर रहा है। थाना क्षेत्र के गांवों में इन दिनों तेंदुए की दहशत से लोग खौफजदा है। थाना क्षेत्र के गांव आलमनगर में तेंदुए ने एक कुत्ते को अपना शिकार बनाने का प्रयास किया था। वहीं जंगल में तेंदुआ चहल कदमी करता हुआ देखा गया। अब थाना क्षेत्र के गांव ढयौटी में तेंदुआ देखे जाने के दावों के बीच ग्रामीण दहशत में है।
शुक्रवार की रात गांव में तेंदुए ने एक कुत्ते को अपना शिकार बना लिया जो ग्रामीणों को मृत हालत में मिला। वहीं आसपास किसी जानवर के पंजों के निशान भी जंगल मे मिलने का दावा कर रहे हैं। उधर गांव निवासी असलम जावेद आदि ने भी अपने खेतों के निकट तेंदुए की चहल कदमी का दावा किया। उनका कहना है कि जब उन्होंने तेंदुआ की तरफ टॉर्च से रोशनी की तो तेंदुआ खेत में छिप गया। उधर वन विभाग इससे इन्कार कर रहा है। ग्रामीणों ने तेंदुए की धरपकड़ की मांग की है।
अकेले घराें से निकलने से कतराते हैं लोग
तेंदुआ काफी समय से इलाके में सक्रिय है, इसकी वजह से लोग अब अकेले बाहर निकलने से डरने लगे हैं। कई बार तो ग्रामीणों को पूरी रात जागकर गुजारनी पड़ती है। खेती के कार्य करने के लिए जाने वाले किसान हमेशा दहशत में रहते हैं। कई बार तो उनके सामने से ही तेंदुआ गुजर जाता है। कई बार तो किसान दहशत की वजह से बेहोश भी हो जाते हैं।