Leopard in Amroha : अमरोहा में तेंदुए ने किया बंदर का शिकार
अमरोहा के रजबपुर में तेंदुए का खौफ है। लोग अपने पालतू जानवरों को लेकर परेशान हैं। लोग अकेले बाहर निकलने से भी कतराते हैं।
अमरोहा। रजबपुर क्षेत्र में फिर से तेंदुआ ने दस्तक दे दी है। मंगलवार को गांव नाईपुरा में बंदर को मार डाला तो खेत पर गए किसान ने तेंदुआ टहलता देखा। गांव आकर जानकारी दी तो लोग जंगल पहुंचे तथा उसकी तलाश की परंतु सफलता नहीं मिली। वन विभाग को सूचना दे दी गई है। तेंदुआ की आमद के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
यह मामला थाना क्षेत्र के गांव नाईपुरा का है। यहां पर किसान जितेंद्र सिंह का परिवार रहता है। मंगलवार सुबह जितेंद्र सिंह खेत पर चारा लेने के लिए गए थे। उन्होंने अपने खेत में तेंदुआ खड़ा देखा। इसके बाद वह उल्टे पांव गांव लौट आए। गामीणों को जंगल में तेंदुआ होने की जानकारी दी। ग्रामीण एकत्र होकर लाठी-डंडे लेकर जंगल की तरफ दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही डायल-112 और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। सभी ने मिलकर जंगल में कॉबिग की परंतु उसका कोई सुराग नहीं मिला। जंगल में बंदर के अवशेष भी मिले। ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ ने ही बंदर का शिकार किया है। जंगल में तेंदुआ के पंजों के निशान भी मिले हैं। वन विभाग की टीम ने तेंदुआ होने की पुष्टि की है। तेंदुआ की आमद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।