दो नामित पार्षदों और 20 समर्थकों के खिलाफ मुकदमा
दो नामित पार्षदों और 20 समर्थकों के खिलाफ मुकदमा।
मुरादाबाद, जेएनएन। नगर निगम के दो नामित पार्षदों पर कानून को नजरंदाज करना भारी पड़ा है। सिविल लाइंस पुलिस ने दोनों नामित पार्षदों समेत कुल 22 लोगों के खिलाफ शारीरिक दूरी व मास्क लगाने में लापरवाही बरतने के आरोप में महामारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
कैंप चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि सोमवार को वह अपने हमराह अनुज शर्मा के साथ क्षेत्र भ्रमण पर थे। तभी एक वीडियो हाथ लगी। छानबीन में पता चला कि शासन द्वारा नामित नगर निगम के पार्षद राजीव गुप्ता निवासी दीनदयाल नगर व शशि किरण निवासी नवीन नगर शिव मंदिर के पास ने ढोल नगाड़े के साथ शहर में जुलूस निकाला। जुलूस में दोनों के अलावा 20 अन्य लोग शामिल थे। सभी पर आरोप है कि इस दौरान शारीरिक दूरी के नियमों की धज्जियां उड़ाई गई। यहां तक कि नामित पार्षदों के समर्थकों ने मास्क लगाने में भी लापरवाही बरती। तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ महामारी एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया।