रैन बसेरों में बनाई जाएगी कोविड डेस्क
मुरादाबादजासं नगर निगम कड़ाके की ठंड से पहले रैन बसेरों में समुचित व्यवस्था कराएगा।
मुरादाबाद,जासं: नगर निगम कड़ाके की ठंड से पहले रैन बसेरों में समुचित व्यवस्था कराएगा। इस बार रैन बसेरों की तस्वीर भी कोरोना के कारण बदली हुई होगी। सोमवार शाम को नगर आयुक्त संजय चौहान ने शहर के आठ रैन बसेरों में तीन का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी में कोविड डेस्क बनाने के साथ ही खामियां दूर करने को तीन दिन का वक्त दिया है। सीतापुरी-दससराय, कुंदनपुर ढक्का, इंपीरियल तिराहा के निरीक्षण में उन्हें कई खिड़कियों के शीशे टूटे मिले और रजाई की जगह कंबल मिले। साथ ही रंग-रोगन न होने की वजह से दससराय रैन बसेरे की दीवारें खराब मिलीं। कोविड डेस्क पर नगर निगम के कर्मचारी तैनात होंगे। डेस्क पर बैठे कर्मचारी मुसाफिरों की थर्मल स्क्रीनिग करेंगे, मास्क, सैनिटाइजर की व्यवस्था की जाएगी। अगर थर्मल स्क्रीनिग में बुखार मिला तो रैन बसेरे में नहीं ठहरने दिया जाएगा। नगर आयुक्त संजय चौहान ने कंबल की जगह रजाई रखने के निर्देश दिए।
सभी व्यवस्थाएं रहेंगी दुरुस्त
जानकारी देते हुए नगर आयुक्त संजय चौहान ने बताया कि शहर में आठ रैन बसेरे हैं। सभी में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को निरीक्षण किया गया। तीन रैन बसेरों के निरीक्षण में सीतापुरी-दससराय में कुछ खामियां मिली हैं। शहर के सभी आठ रैन बसेरों में तीन दिन के भीतर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। कोविड को ध्यान में रखते हुए सभी कर्मियों को आवश्यक निर्देश भी दे दिए गए हैं। कहा कि कोई भी लापरवाही न बरते।