नए कानून से मिलने लगा इंसाफ, पुलिस ने जेल भेजा तीन तलाक देने वाला पति Moradabad news
मोदी सरकार के नए कानून के जरिए तीन तलाक के दंश से पीडि़त महिलाओं को इंसाफ मिलने लगा है।
मुरादाबाद : मोदी सरकार के नए कानून के जरिए तीन तलाक के दंश से पीडि़त महिलाओं को इंसाफ मिलने लगा है। बुधवार को थाना मूंढापांडे पुलिस ने तीन तलाक देकर पत्नी से नाता तोडऩे के आरोपित तौफीक को गिरफ्तार करके जेल भिजवा दिया।
जिंदगी भर के लिए तोड़ लिया रिश्ता
थाना मूंढापांडे के ग्राम गतौरा निवासी तौफीक की शादी पांच साल पहले खरकपुर जगतपुर निवासी अफसाना के साथ हुई। पति एक लाख रुपये और भैंस मायके से लाने के लिए दबाव बना रहा था। मां हमीदा, देवर तौसीफ और ननद अरमाना भी ताने देती थीं। आरोप है 12 अगस्त को पति ने उसकी पिटाई की। अफसाना ने रात को ही अपने भाई मुमताज और मेहंदी हसन को फोन करके बुलाया। गांव में पंचायत भी हुई, लेकिन तौफीक ने अफसाना को तीन बार तलाक कहकर जिंदगी भर के लिए रिश्ता तोड़ लिया।
तहरीर मिलते ही पुलिस ने लिखा मुकदमा
19 सितंबर को थाना मूंढापांडे में तहरीर दी। छानबीन कराने के बाद मूंढापांडे पुलिस ने 24 सितंबर को तौफीक, उसकी मां, बहन और भाई के खिलाफ दहेज के लिए उत्पीडऩ करने, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने के आरोपों के साथ 3/4 मुस्लिम महिला विवाह संरक्षण अधिनियम-2019 के तहत मुकदमा लिख लिया। प्रभारी निरीक्षक शक्ति सिंह ने बताया अफसाना के पति तौफीक को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया है। उसकी मां समेत अन्य तीन अभियुक्तों के खिलाफ भी कार्रïवाई की जा रही है।
बिरादरी की पंचायत भी ठुकराई
अफसाना के भाई मेहंदी हसन ने बताया कि तौफीक काम धंधे के चक्कर में अक्सर घर से बाहर रहता है। इसे लेकर भी पत्नी से उसका आए दिन विवाद रहता था। डेढ़ साल पहले उनकी बहन के मामले की नारी उत्थान केंद्र में सुनवाई हुई। समझौता होने के बाद वह फिर से घर ले गया था। चार महीने पहले फिर से तौफीक ने उनकी बहन की पिटाई की तो रौंडा झौंडा चौकी में मसला निपटा दिया। बिरादरी की पंचायत भी हुई, लेकिन वह अपनी मनमानी करता रहा। उनकी बहन के पास आठ महीने की बेटी भी है।