जरा याद उन्हें भी कर लो, जो लौट के घर न आए
मुरादाबाद (श्रीशचंद्र मिश्र 'राजन') : मुरादाबाद के तीन जाबाज पुलिस कर्मियों के आश्रित 21 अक्टूबर रविवार को डॉ. भीमराव आबेडकर पुलिस अकादमी में सम्मानित होंगे।
मुरादाबाद (श्रीशचंद्र मिश्र 'राजन') : 'पुलिसकर्मी कठिन कार्य करते हैं। आज हमें उनकी सेवा के उस नजरिए को देखना है जिसमें वो दूसरों की जान व माल की रक्षा के बदले अपनी जिंदगी से समझौता कर लेते हैं।' यह बात पाच नवंबर 1963 को जयपुर में पुलिस स्मारक का उद्घाटन करते भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने कही थी। यह उन पुलिस कर्मियों पर सटीक है, जो अपनी जान देश और समाज सेवा में गंवा देते हैं। रविवार को ऐसे ही शहीद पुलिस कर्मियों को याद किया जाएगा। मुरादाबाद के तीन जाबाज पुलिस कर्मियों के आश्रित 21 अक्टूबर रविवार को डॉ. भीमराव आबेडकर पुलिस अकादमी में सम्मानित होंगे। पुलिस अकादमी के निदेशक सुनील कुमार गुप्ता की मौजूदगी में पीटीसी के एडीजी ब्रजराज शहीदों के आश्रितों का सम्मान करेंगे। इससे पूर्व परेड सुबह साढ़े सात बजे होगी। शहीद दिवस की पूर्व संध्या पर पुलिस अकादमी परिसर स्थित शहीद स्मारक को फूलों से सजाया गया। इसलिए मनाया जाता है शहीद दिवस
21 अक्टूबर 1959 में लद्दाख में तीसरी बटालियन की एक कंपनी भारत-तिब्बत सीमा की सुरक्षा में लद्दाख में 'हाट-स्प्रिंग' में तैनात थी। कंपनी को टुकड़ी में बाटकर चौकसी करने को कहा गया। 21 जवानों का गश्ती दल 'हाट-स्प्रिंग' में गश्त कर रहा था। तभी चीनी फौज के एक बहुत बड़े दस्ते ने गश्ती दल पर घात लगाकर हमला बोल दिया। जवानों ने चीनी आक्रमणकारियों का डटकर मुकाबला किया। मातृभूमि की रक्षा में लड़ते हुए दस शूरवीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी। अदम्य साहस का परिचय देते शहीद हुए केंद्रीय पुलिस बल के उन जवानों को हर साल 21 अक्टूबर को याद किया जाता है। केंद्रीय पुलिस संगठन व सभी राज्यों की सिविल पुलिस 'पुलिस स्मरण दिवस' के रूप में इस दिन को मनाती है। इनके परिजन होंगे सम्मानित
एक सितंबर 2017 से 31 अक्टूबर 2018 के बीच मुरादाबाद के तीन पुलिस कर्मी कर्तव्य का निर्वाह करते शहीद हुए।
1- योगेश कुमार : सम्भल में आरक्षी के पद पर तैनात था। कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुआ। कटघर थाना क्षेत्र के मुहल्ला महबुल्लागंज में रहने वाली योगेश की पत्नी कमलेश देवी को एडीजी सम्मानित करेंगे।
2- महीपाल सिंह : मुजफ्फर नगर में उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर तैनात रहे डिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम फजलपुर निवासी महीपाल सिंह की पत्नी कृष्णा देवी को एडीजी सम्मानित करेंगे।
3- सियाराम : बदायूं में तैनात रहे उपनिरीक्षक विशेष श्रेणी सियाराम मूल रूप से बिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम ढकिया नरू के रहने वाले थे। शहीद दिवस के मौके पर इनकी पत्नी जया देवी को एडीजी सम्मानित करेंगे। एडीजे करेंगे सम्मानित
शहीद दिवस के मौके पर उन पुलिस कर्मियों के आश्रितों को पीटीसी के एडीजी ब्रजराज सम्मानित करेंगे, जिन्होंने कर्तव्य का निर्वाह करते अपने प्राणों की आहुति दी। मुरादाबाद के रहने वाले तीन पुलिस कर्मियों के नाम शहीदों की सूची में है।
-सुनील कुमार गुप्ता, एडीजी, डॉ. भीमराव आबेडकर पुलिस अकादमी।