जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का मोबाइल फोन अमरोहा में गायब, रातभर की तलाश के बाद पुलिस को मिली सफलता
Jal Shakti Minister Swatantra Dev Singh उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद में दो दिवसीय दौरे पर आए जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का मोबाइल गुम हो गया। इसकी जानकारी पुलिस-प्रशासन को हुई तो हड़कंप मच गया। दिनभर तलाश के बाद मोबाइल भाजपा नेता के घर से बरामद हो गया।
अमरोहा, जेएनएन। Jal Shakti Minister Swatantra Dev Singh : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद में दो दिवसीय दौरे पर आए जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का मोबाइल गुम हो गया। इसकी जानकारी पुलिस-प्रशासन को हुई तो हड़कंप मच गया। दिनभर तलाश के बाद मोबाइल एक भाजपा नेता के घर से बरामद हो गया। पुलिस के मुताबिक कैबिनेट मंत्री का माेबाइल भाजपा नेता के घर में टायलेट में छूट गया था।
जलशक्ति मंत्री को मुरादाबाद मंडल का प्रभारी मंत्री बनाया गया है। इसलिए वह 13 व 14 मई को दो दिवसीय दौरे पर जनपद में आए थे। 14 मई यानि शनिवार की सुबह वह थाना रजबपुर क्षेत्र के गांव चोटीपुरा निवासी भाजपा नेता प्रदीप कुमार के आवास पर भी गए थे। बताते हैं कि वहां टायलेट में जाने के बाद अपना मोबाइल वहां पर रखकर भूल गए। इसके बाद वह निरीक्षण के लिए निकल गए। दोपहर तक निरीक्षण करने के बाद वह अमराेहा की सीमा से निकलकर हापड़ क्षेत्र में पहुंचे तो शाम को एक मैसेज फ्लैश हुआ कि कैबिनेट मंत्री का फोन गुम हो गया है।
इसके बाद अमरोहा पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। पुलिस ने इधर-उधर तलाश किया मगर, कोई सुराग नहीं लगा। बाद में मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाकर लोकेशन ट्रेस की तो रजबपुर थाने के गांव पपसरा में मिली। जिस पर सीओ सतेंद्र सिंह टीम लेकर पपसरा में पहुंच गए। लेकिन, वहां पर फोन नहीं मिला। इस बीच पुलिस द्वारा फोन पर लगातार काल भी की जा रही थी तो अचानक से काल रिसीव हुई और पता चला कि फोन गांव चोटीपुरा में भाजपा नेता के घर पर है। इसके बाद पुलिस ने सुकून की सांस ली। रविवार को कैबिनेट मंत्री का फोन बरामद हो गया।
गजरौला पुलिस क्षेत्राधिकारी सतेंद्र सिंह ने बताया कि जलशक्ति मंत्री का फोन रजबपुर के गांव चोटीपुरा में भाजपा नेता प्रदीप कुमार के आवास पर टायलेट में छूट गया था। जो, बाद में मिल गया है। हां, लोकेशन ट्रेस में पपसरा गांव भी दिख रहा था लेकिन, फोन वहां पर नहीं मिला। एक-दो दिन में भाजपा नेता द्वारा ही फोन लखनऊ भिजवा दिया जाएगा।