लॉकडाउन में आरएसएस के स्वयंसेवकों ने जिला भर में किया सेवा कार्य Amroha News
जरूरतमंद लोगों के घरों पर पहुंचकर बांटे राशन के पैकेट। मुरादाबाद मंडल के अन्य जिलों में स्वयंसेवक कर रहे हैं सेवाकार्य। हर कोई कर रहा है तारीफ।
अमरोहा,जेएनएन। लॉक डाउन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा जरूरतमंद लोगों की मदद करने का कार्य जारी है। जनपद के अलग-अलग शहरों में कार्यकर्ताओं द्वारा राशन के पैकेट तैयार किए गए और उनका वितरण कराया गया।
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार ने देश व प्रदेश में लॉकडाउन घोषित कर रखा है। ऐसे में गरीब व निराश्रित लोगों के सामने आर्थिक के साथ-साथ भोजन का संकट गहरा गया है। इसको देखते हुए ही आरएसएस द्वारा जरूरतमंद लोगों की सहायता का कार्य किया जा रहा है। राशन के पैकेटों के वितरण का कार्य रोजाना चल रहा है।
सुबह सुबोधनगर कालोनी स्थित जिला कार्यालय पर शहर में बांटने के लिए 50 राशन के पैकेट तैयार किए गए। इसमें आटा, चावल, आलू, तेल, रिफाइंड, नमक आदि सामान भरा होता है। शाम को कार्यकर्ताओं ने उनका वितरण किया।
यह जानकारी देते हुए नगर कार्यवाह नरेंद्र ने बताया कि धनौरा नगर क्षेत्र में आरएसएस कार्यकर्ताओं ने दस जरूरतमंद लोगों को राशन के पैकेट उपलब्ध कराए गए। गजरौला में पांच व हसनपुर नगर क्षेत्र में दस पैकेट वितरित किए गए। इसके अलावा गजरौला क्षेत्र में सैनिटाइजेशन का कार्य भी कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया।