गन्ने के खेत में गई किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म, दोनों आरोपित गिरफ्तार
अमरोहा जनपद के देहात क्षेत्र के एक गांव में किशोरी शनिवार शाम खेत पर काम से गई थी। वहीं पर गांव के दो युवक पहुंच गए और किशोरी को दबोच लिया। दोनों ने खेत में ही उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो भी बना ली।
मुरादाबाद, जेएनएन। गन्ने के खेत से पत्ती लेने गई किसान की किशोरी के साथ गांव के ही दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता ने घर जाकर स्वजनों को जानकारी दी। मामला दो संप्रदाय के बीच का है। लिहाजा गांव में तनाव बन गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। एहतियात के तौर पर पुलिस गांव के माहौल पर नजर रखे हुए है।
घटना अमरोहा जनपद के देहात थाना क्षेत्र के एक गांव की है। यहां के रहने वाले किसान की नाबालिग बेटी एक धार्मिक संस्था की छात्रा है। किसान ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम बेटी गन्ने के खेत पर पत्ती लेने गई थी। आरोप है कि वहां गांव के ही दूसरे संप्रदाय के दो युवक खेत पर आ गए। उन्होंने किशोरी को अकेला देखकर उसे पकड़ लिया और गन्ने के खेत में ले गए। वहां किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। वीडियो भी बना ली। किसी को बताने पर जान से मारने तथा वीडियो वायरल करने की धमकी दी। घटना के बाद किसी तरह घर पहुंच कर किशोरी ने स्वजनों को आपबीती सुनाई। मामला दो संप्रदाय से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची तथा पीड़िता व उसके स्वजनों को थाने ले आई। पुलिस ने आरोपित गुड्डू और अंकित के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। गांव का माहौल देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस गांव के माहौल पर नजर रखे हुए है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। एसओ सुरेश गौतम ने बताया कि आरोपितों को जेल भेज दिया है। गांव के हालात पर नजर रखी जा रही है।