रामपुर में युवाओं की टोली ने तीन साल में लगा डाले चार हजार पौधे, लोगों को दे रहे पर्यावरण संरक्षण का संदेश
रामपुर के युवकों का उत्साह देखकर इंटरनेट मीडिया के माध्यम से प्रदेश भर से काफी लोग इस अभियान में जुड़ चुके हैं। वे लोग भी उनके अभियान में साथ दे रहे हैं। इस तरह चार हजार पौधे उनके द्वारा अब तक लगाए जा चुके हैं।
रामपुर, जेएनएन। पर्यावरण का वर्तमान में जो हाल है, उसको देखते हुए इसकी सुरक्षा के लिए तेजी से कदम उठाने की आवश्यकता है। इसका सर्वोत्तम उपाय है पौधारोपण। इस दिशा में नगर के दो युवाओं ने तीन वर्ष पहले छोटी शुरुआत की थी। आज जिले में उनका ढाई सौ लोगों का काफिला बन चुका है।
नगर के आनंद प्रकाश शर्मा मेडिकल स्टोर चलाते हैं। उनके पुत्र प्रतीक शर्मा तीन साल पहले अपने मित्र विभोर अग्रवाल के साथ पढ़ाई के सिलसिले में दिल्ली में रहते थे। वहां किसी गरीब को देखा तो कुछ मदद कर दी या फिर कहीं सड़क किनारे मुरझाता कोई पौधा दिखाई दिया तो उसकी सेवा में लग गए। प्रतीक का कहना है कि जिस काम से मन को संतुष्टि मिले, हमें उस दिशा में ही आगे बढ़ना चाहिए। वहां से ही दोनों ने सोचा कि क्यों न समाजसेवा में ही आगे बढ़ा जाए। उसके बाद 2017 में रामपुर वापस आए तो मदद एक आस नाम से संस्था बनाई। अब पूरे मनोयोग के साथ अपने मिशन पर लग गए। धीरे-धीरे जनपद में 250 लोगों की सशक्त टीम बनकर तैयार हो गई। बताते हैं कि कोसी मंदिर, रोशन बाग, पार्कों में सड़कों पर तथा विभिन्न विद्यालयों में पौधारोपण कर चुके हैं। यह क्रम लगातार जारी है। जब भी मौका मिलता है, हाथों में पौधे लेकर युवाओं का यह जत्था निकल पड़ता है अपने अभियान पर। उनके अनुसार सड़क से गुजरते समय भी जहां आवश्यकता महसूस होती है पौधा लाकर लगा देते हैं। उसके बाद आसपास के लोगों को इसका महत्व बताते हुए उसकी देखभाल का जिम्मा सौंपते हैं। उसके विकसित होने तक स्वयं भी उसकी निगरानी करते रहते हैं।