मुरादाबाद में बोले कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी, मंत्रिमंडल विस्तार से कुछ नहीं होगा, सरकार बदलने जा रही जनता
Imran Pratapgarhi in Moradabad कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि जनता समझ चुकी है। अब बदलाव होना तय है। कांग्रेस यूपी में पूरे दम से साथ चुनाव मैदान में अकेले ही उतरेगी। आने वाला समय कांग्रेस का है।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। Imran Pratapgarhi in Moradabad : अखिल भारतीय कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन बनने के बाद पहली बार मुरादाबाद आए मशहूर शायर इमरान प्रतापगढ़ी का कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह रोककर भव्य स्वागत किया। रोड शो के दौरान उनके चेहरे पर पहले से अधिक सम्मान मिलने की खुशी साफ दिखाई दे रही थी। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल के विस्तार करने से अब कुछ नहीं होने वाला है। वह विस्तार करें या न करें। जनता ने उन्हें बदलने का फैसला ले लिया है।
यूपी में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसके लिए जनता फैसला ले चुकी है। कोरोना संक्रमण के दौरान भाजपा सरकार पूरी तरह से फेल रही। उनकी पार्टी के विधायक काम न होने की शिकायतें कर रहे हैं। ऐसे में विपक्ष के लोगों की कौन सुन सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहुत सारे नेता चुनाव लड़ने के लिए आ रहे हैं। औवेसी, मांझी, अठावले ने भी यूपी से चुनाव लड़ने का एलान किया है। कांग्रेस पर इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। मुरादाबाद कांग्रेस का है। अल्पसंख्यक विभाग का राष्ट्रीय चेयरमैन बनने के बाद पहली बार आने पर यहां के लोगों का प्यार और अधिक मिल रहा है। यहां मुझे हमेशा मुहब्बत मिली है। इसलिए यहां से कभी अलग नहीं हो सकता हूं। नफरत फैलाकर सियासत करने वालों से लोगों ने किनारा कर लिया है। इससे पहले भी कई दलों की सरकार रही है। वह अपने ही नेताओं को नहीं बचा पा रहे हैं। हमने शुरुआत की तो उनके नेता रामपुर पहुंचे। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों को सम्मान दिलाने के लिए जंग जारी रहेगी। सभी को इस देश में आजादी से रहने का हक है। कांग्रेस ने कभी जाति और मजहब के नाम पर वोट नहीं मांगा। जनता समझ चुकी है। अब बदलाव होना तय है। कांग्रेस यूपी में पूरे दम से साथ चुनाव मैदान में अकेले ही उतरेगी। आने वाला समय कांग्रेस का है। इसलिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ने का काम होगा।