नेताजी के संरक्षण में करते थे टेंपो चालक से अवैध वसूली, दो गिरफ्तार Moradabad News
पुलिस ने तहकीकात में पूरे मामले में नेताओं का संरक्षण प्राप्त होने पर कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
मुरादाबाद, जेएनएन। महानगर में तीन लोग नेताजी के संरक्षण में टेंपो चालकों से अवैध वसूली कर रहे थे। पुलिस ने इनमें से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपित भाग गया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को जेल भिजवा दिया है।
डरा धमकाकर अवैध वसूली करते टेंपो चालकों से
कटघर थाना क्षेत्र में डबल फाटक से कोहिनूर तिराहे की तरफ चलने वाले टेंपो चालकों से अवैध वसूली की जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। पता लगा था कि संजू पुत्र सुखलाल निवासी मुहल्ला दुर्गेश नगर, थाना कटघर टेंपो चालकों को धमकाकर अवैध वसूली करता हैै। कटघर की दस सराय चौकी के इंचार्ज उम्मेद सिंह सूचना पर रिलेक्सो शोरूम से आगे पेट्रोल पंप के पास पहुंच गए। वहां उनकी टीम ने राहुल शर्मा निवासी मुहल्ला दुर्गेश नगर डबल फाटक, भारत सैनी पुत्र नन्हें सैनी निवासी, सीतापुरी दससराय, थाना कटघर को गिरफ्तार कर लिया जबकि सन्जू पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। तीनों पर आरोप है कि वे टेंपो चालकों को डरा धमकाकर अवैध वसूली करते हैैं। विरोध करने पर टेंपो चालकों की पिटाई कर देते हैं। वसूली के लिए बाकायदा इन लोगों ने रजिस्टर बना रखा है। दोनों अभियुक्तों के पास से 800 रुपये की नकदी बरामद हुई है। तीनों को क्षेत्र के नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। प्रभारी निरीक्षक देवेश सिंह ने बताया कि तीसरे आरोपित को भी पकडऩे की कोशिश की जा रही है। जल्द ही उस गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई होगी।
शहर में और भी कई स्थानों पर हो रही अवैध वसूली
शहर में डबल फाटक ही नहीं और भी कई स्थानों पर टेंपो और डग्गामार वाहनों से अवैध वसूली हो रही है। फव्वारा चौक, रोडवेज के पास, काशीपुर स्टैैंड के पास भी अवैध वाहनों के अड्डे चल रहे हैैं। कटघर थाने से पहले पुल के पास अवैध वाहनों की लाइन लगी रहती है। कोहिनूर तिराहे से सम्भल रोड पर डींगरपुर में अवैध स्टैैंड चल रहा है। वहां टेंपो चालकों से वसूली की जा रही है। चन्दौसी रोड पर भी इसी तरह कुंदरकी, बिलारी में भी अवैध वाहनों से वसूली हो रही है। वसूली करने वाले ज्यादातर नेताओं के गुर्गे हैैं।