बेटा पैदा नहीं कर पाई तो ससुरालियों ने किया ऐसा काम कि जानकर हो जाएंगे हैरान
गजरौला में बेटे को जन्म नहीं देने पर ससुरालियों ने महिला को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीडि़ता ने मायके पहुंचकर घरवालों को जानकारी दी।
अमरोहा। गजरौला में बेटे को जन्म नहीं देने पर ससुरालियों ने महिला को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीडि़ता ने मायके पहुंचकर घरवालों को जानकारी दी। आरोप है कि मायके वाले बात करने के लिए ससुराल पहुंचे तो ससुरालियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। महिला ने अब थाने में तहरीर दी है। इसके बाद पुलिस गांव पहुंची तो ससुराल पक्ष के लोग घर पर नहीं मिले।
थाना नौगावां सादात के गांव ढक्का निवासी धान सिंह की बेटी मुनेश की शादी आठ साल पहले थाना क्षेत्र के गांव खादगुर्जर के महावीर के बेटे हुक्म सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद मुनेश ने लगातार तीन बेटियों को जन्म दिया। इसमें एक बेटी की मौत भी हो गई। लगातार तीन बेटियों के जन्म पर ससुराली खफा हो गए। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग इस बात को लेकर उस पर ताने कसने लगे। इतना ही नहीं बेटियों की परवरिश के लिए मायके से पैसे लाने का भी दबाव बनाने लगे। मना करने पर उसके साथ मारपीट की। बुधवार की रात भी इसी बात को लेकर पति, सास व ससुर ने मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। गुरुवार की सुबह मायके के लोग ससुराल पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्रता करते हुए मारपीट की। बाद में सभी लोग थाने पहुंचे और तहरीर दी। हल्का प्रभारी मार्शल राठी जांच करने के लिए गांव पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोग घर से गायब थे। हल्का प्रभारी ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर भाग गए हैं। आसपास के लोगों के पास उनका कोई मोबाइल नंबर भी नहीं मिला है। उधर, ग्राम प्रधान नरेश कुमार ने बताया कि बेटे के जन्म को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चलने का मामला संज्ञान में आया था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप