मक्के के खेत में मिले महिला के शव की हुई शिनाख्त Amroha News
करनखाल गांव की मालवती थी मृतका। मृतका का प्रेम प्रसंग एक युवक के साथ होने की बात कही जा रही है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल।
अमरोहा,जेएनएन। गुरुवार को कस्बा हसनपुर में पूठ रोड पर मक्का के खेत में पड़ा मिला महिला का शव कोतवाली हसनपुर के गांव करनखाल निवासी मालवती पत्नी सोमपाल का निकला। परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर शव की शिनाख्त कर ली है। वही पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम भी हो गया है। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि मृतका मालवती करनखाल निवासी सोमपाल की पत्नी है। उसकी शादी करीब 8 साल पहले हुई थी। तीन बच्चे भी हैं। पति पत्नी चंडीगढ़ में मजदूरी करते थे। यहां मृतका का प्रेम प्रसंग गजरौला थाना क्षेत्र के गांव काकाठेर निवासी युवक से हो गया था। पिछले कुछ दिनों से वह प्रेमी शिवकुमार के साथ रह रही थी। शव मिलने से पांच छह दिन पूर्व वह करनखाल आई थी। बताया जा रहा है कि वहां से वह अकेले ही वापस हो गई थी। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि शव पति सोमपाल को सौंपा जाएगा। वहीं मृतका के परिजन गमजदा हैं। मृतका के बच्चों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बच्चों की परवरिश पर भी संकट के बादल हैं।