मैं फ्री हूं कॉल करो न, ऐसे लिंंक पर न करें क्लिक, खाते से गायब हो जाएगी रकम
Fraud on Internet media इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय रहते हैं तो आपको बेहद सचेत रहने की जरूरत है। जरा सी असावधानी आपको बड़े नुकसान में डाल सकती है। दरअसल इस समय अश्लील लिंंक भेजकर लुभावने प्रस्ताव भेजे जा रहे हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। Fraud on Internet media। साइबर जालसाजों ने ठगी का नया तरीका ईजाद किया है। इंटरनेट मीडिया पर रूप बदलकर वह लोगों को चूना लगा रहे हैं। लड़कियों के नाम पर लुभावने प्रस्ताव वह फेसबुक पर डाल रहे हैं। इंटरनेट मीडिया को धनउगाही व ठगी का नया हथियार बनाने वाले साइबर जालसाजों पर नकेल कसने की पूरी कार्ययोजना मुरादाबाद पुलिस ने तैयार की है। अश्लील लिंक व एप फेसबुक से हटाने की तैयारी हो रही है।
मुरादाबाद पुलिस की साइबर टीम के कोआर्डिनेटर विजय श्रीवास्तव के मुताबिक फेसबुक पर विभिन्न एप के माध्यम से अश्लील लिंक डाले गए हैं। फेसबुक चलाने वाले लोग जब उस लिंक पर क्लिक करते हैं तो तत्काल उनका नाम पूछा जाता है। इसके बाद मोबाइल नंबर फिर आधार कार्ड की डिमांड होती है। लिंक करने वाले व्यक्ति की उम्र व डेट आफ बर्थ तक पूछी जाती है। इसके बाद स्कीम की जानकारी दी जाती है। बताया जाता है कि लड़कियों से बात करने के लिए तीन पैक हैं। एक माह के छह सौ, तीन माह का नौ सौ व छह माह तक बात करने के लिए 23 सौ रुपये का पैक होने का दावा हाेता है। उक्त पैक में से किसी पर भी सहमति जताते ही तत्काल खाते का डिटेल मांगा जाता है। खाते का डिटेल शेयर करते ही वह जालसाजों के हाथ में चला जाता है। वीडियो कॉल व मैसेज आने लगते हैं। इसके बाद जालसाज लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं।
ऐसे होते हैं मैसेज
मार्निंग, बिजी हो, मैं फ्री हूं, काॅॅल करो ना। अगर तुम को देखना है तो वीडियो काॅॅल कर सकते हो। मैं अपनी पिक भी सेंड करूंगी। लेकिन यह किसी को नहीं देना। ओके। मैं 18 साल की हूं। मेरे घर वालों ने मेरी शादी करवाई थी। मैं अपने जीवन से दुखी हूं। मेरे पति मुझे प्यार नहीं करते।
अश्लील एप को बंद करने का प्रस्ताव वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी को भेजा गया है। कैलीफोर्निया में फेसबुक कार्यालय से संपर्क कर अश्लील एप का संचालन बंद कराया जाएगा। फेसबुक की मदद से ऐसे सभी एप ब्लाक किए जाएंगे।
विजय श्रीवास्तव, कोआर्डिनेटर साइबर क्राइम पुलिस मुरादाबाद।