मुरादाबाद में पत्नी को लेने घर पहुंचे पति ने सास काे मारी गोली, पति-पत्नी में चल रहा था विवाद
Murder attempt in Moradabad गंभीर अवस्था में सास को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद डाक्टरों ने उसे निजी अस्पताल के लिए रेफर दिया। पीड़ित तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। Murder attempt in Moradabad : पति-पत्नी के विवाद में बीच-बचाव करने वाली सास को को दामाद ने गोली मारकर घायल कर दिया। गंभीर अवस्था में सास को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद डाक्टरों ने उसे निजी अस्पताल के लिए रेफर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की।
कटघर थाना क्षेत्र के डबल फाटक निवासी मधुबन उर्फ आर्यन का विवाह 11 साल पहले मझोला थाना क्षेत्र के चाऊ की बस्ती निवासी शीलू के साथ हुआ था। दोनों के एक बेटा और बेटी थी। तीन माह पूर्व शीलू और आर्यन के बीच विवाद हो गया था। जिसके बाद पत्नी दोनों बच्चों और पति को छोड़कर मायके में रहने लगी थी। परिवार में मां राजवती के साथ ही छोटी बहन शालू और भाई संघी है। आरोप है कि सोमवार को दोपहर शराब के नशे में पति आर्यन घर पर आया था। इस दौरान वह पत्नी को लेने के लिए आया था। इसी दौरान सास राजवती से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान आर्यन ने कमर से तमंचा निकालकर सास को गोली मार दी। इसके बाद मौके से भाग गया। गोली की आवास सुनकर परिवार के साथ ही आसपास के लोग दौड़ पड़े। घायल अवस्था में राजवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद इलाज के लिए निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। मझोला थाना प्रभारी जीत सिंह ने बताया कि आरोपित दामाद मधुबन उर्फ आर्यन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपित के पिता का देहांत हो चुका है। वह लोक निर्माण विभाग से सेवानिवृत्त थे।
समझने का नहीं मिला मौका : दामाद से विवाद के दौरान सास को जरा भी अंदाजा नहीं था कि उनका दामाद इस हद तक गिर जाएगा। उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। वहीं पति की इस हरकत से पत्नी भी काफी मायूस नजर आ रही है।