मुहब्बत में निभाया वादा, जहर भी पीया आधा-आधा
मुरादाबाद : तीन साल की मुहब्बत शादी के अटूट बंधन में बंधने के बाद अस्पताल के स्ट्रेचर पर सिसक रही है।
मुरादाबाद : तीन साल की मुहब्बत शादी के अटूट बंधन में बंधने के बाद अस्पताल के स्ट्रेचर पर सिसक रही थीं। पत्नी ने मायके से साथ चलने को इन्कार कर दिया। पति ने गुस्से में आकर जहर की आधी शीशी पी ली। पति की हालत देखकर पत्नी ने बची आधी शीशी का जहर खुद पी लिया। दोनों की हालत बिगड़ते देख महिला के मायके वाले घबरा गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पति की हालत बिगड़ने पर उसे हायर सेंटर भर्ती करा दिया। दोनों ने तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। यह है पूरा मामला मझोला के सोनकपुर काशीराम नगर निवासी ओमप्रकाश की बेटी कामिनी को तीन साल पहले एकता कालोनी के रहने वाले समीर पुत्र गेंदा सिंह से मुहब्बत हो गई थीं। उस समय दोनों के परिवार ने इस प्रेम विवाह पर नाराजगी जताई थी। समीर और कामिनी की जिद के सामने दोनों के परिवार झुक गए। दोनों ने शादी रचा ली। हाल में ही अधोमानक दवाई के मामले में समीर को कटघर पुलिस ने जेल भेजा था। उसके बाद से कामिनी अपने मायके में आकर रहने लगी थी। 25 अक्टूबर को समीर जमानत पर छूटकर आ गया। सोमवार की रात को समीर अपनी ससुराल में कामिनी को लेने पहुंच गया। ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे भेजने से इन्कार कर दिया। तभी पास के मेडिकल स्टोर से जहर लेकर समीर कामिनी के घर पहुंच गया। उसने कामिनी की चौखट पर जहर की आधी शीशी पी ली। कामिनी ने समीर की हालत देखी तो शीशी के बचा जहर खुद पी लिया। दोनों की हालत देखकर परिवार के लोग घबरा गए। तभी मझोला पुलिस को मामले की सूचना दी गई। एसआइ अजीत कुमार ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां समीर की हालत बिगड़ने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने दर्ज किए बयान समीर हमारे घर आया था, जो कामिनी को जबरन ले जाने की जिद कर रहा था। कामिनी ने जाने से इन्कार कर दिया। तभी समीर ने जहर की शीशी जबरन कामिनी में मुंह में उड़ेल दी। उसके बाद बची शीशी का जहर खुद पी लिया।
ओम प्रकाश, कामिनी के पिता समीर अपनी ससुराल सोनकपुर काशीराम नगर में पत्नी कामिनी को लेने गए थे। ससुराल के लोग उनके प्रेम विवाह से खफा थे। ऐसे में समीर को ससुराल पक्ष के लोगों ने जहर दे दिया है। अस्पताल पहुंचाने के बाद हमे पूरे प्रकरण की जानकारी दी।
गेंदा सिंह, समीर के पिता मामले की हो रही जांच : इंस्पेक्टर दोनों ने तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। जेल से छूट कर आने के बाद समीर कामिनी को लेने समीर उसके घर गया था। वहीं पर दोनों ने जहर पी लिया है। दोनों परिवार एक दूसरे पर जहर देने का आरोप लगा रहे है। पूरे मामले की विस्तार से जांच की जा रही है।
विकास सक्सेना, इंस्पेक्टर मझोला