कैसे लागू होगी एनआरसी, जब वीजा पर देश आए विदेशियों की ही सरकार को जानकारी नहीं Moradabad news
सरकार को यह तक जानकारी नहीं है कि वीजा खत्म होने के बाद देश में कितने विदेशी नागरिक रह रहे हैं। यह जवाब गृहमंत्रालय की ओर से एक सवाल पर दिया गया है।
मुरादाबाद (रितेश द्विवेदी)। असम में एनआरसी लागू होने के बाद पूरे देश में इसे लागू किए जाने का मुद्दा उठ रहा है। गृहमंत्री अमित शाह ने अभी कुछ दिन पहले ही कहा था कि पूरे देश में इसे लागू किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कह चुके हैं कि वह सभी घुसपैठियों को प्रदेश से बाहर खदेड़ देंगे। एक तरफ घुसपैठियों को निकालने की बात हो रही है, वहीं दूसरी ओर सरकार को यह तक जानकारी नहीं है कि वीजा खत्म होने के बाद देश में कितने विदेशी नागरिक रह रहे हैं। यह जवाब गृहमंत्रालय की ओर से एक सवाल पर दिया गया है।
दैनिक जागरण ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से आरटीआइ के जरिये देश में वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी रह रहे विदेशी नागरिकों के संबंध में जानकारी मांगी थी। खासकर उन लोगों के बारे में पूछा गया था जो 14 साल पहले भारत-पाकिस्तान का मैच देखने के लिए आए थे। इनमें से 56 पाकिस्तानी अपने देश नहीं लौटे। इस पर मंत्रालय ने बताया कि उनके पास ऐसी जानकारी नहीं है। गृह मंत्रालय के उप सचिव मनोज कुमार झा ने जानकारी दी है कि मंत्रालय के पास ऐसे लोगों की कोई सूचना नहीं है। ऐसी सूचनाएं केवल राज्य स्तर में विदेशी पंजीयन पुलिस अधिकारी के पास होती हैं। सरकार का यह जवाब बेहद चौंकाने वाला है।
56 पाकिस्तानी कहां हो गए गायब
खुफिया विभाग के सूत्रों के मुताबिक, साल 2005 में भारत-पाकिस्तान का मैच देखने के लिए लाहौर और इस्लामाबाद से करीब छह हजार पाकिस्तानी भारत आए थे। इन सभी पाकिस्तानियों को टूरिस्ट वीजा दिया गया था। इनमें से 56 पाकिस्तानी आज तक अपने देश नहीं लौटे। इन पाकिस्तानियों को खोजने में खुफिया एजेंसियां भी नाकाम रही हैं। वहीं खुफिया विभाग के अफसरों का यह भी कहना है कि दिल्ली, मोहाली और कानुपर में मैच देखने के बाद ज्यादातर पाकिस्तानी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरों में आने के बाद गायब हो गए थे। आज तक वह अपने देश वापस नहीं गए।