सपा सांसद आजम खां के समधी का होटल सील Rampur News
सपा सांसद आजम खां के समधी रिजवान मुहम्मद खां का होटल प्लाजा रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने सील कर दिया।
रामपुर। सपा सांसद आजम खां के समधी रिजवान मुहम्मद खां का होटल प्लाजा रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने सील कर दिया। आरोप है कि उन्होंने नक्शे के विपरीत होटल का निर्माण कराया था।
आरडीए के सचिव बैजनाथ गुरुवार को पुलिस फोर्स के साथ डायमंड रोड स्थित होटल प्लाजा पहुंचे और वहां के कर्मचारियों से बात की। इसके बाद कर्मचारियों को बाहर करने के बाद गेट को सील कर दिया। प्राधिकरण सचिव का कहना है कि होटल का निर्माण नक्शे के विपरीत कराया गया है। इस संबंध में तसलीम खां ने शिकायत की थी। जांच पड़ताल के बाद शिकायत सही पाई गई। इस पर होटल स्वामी को नोटिस जारी किया गया। उन्होंने कंपाउंड कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया लेकिन, होटल का अधिकतर हिस्सा ऐसा है, जिसे कंपाउंड नहीं किया जा सकता। इस कारण सील कर दिया गया। होटल 1401 वर्ग मीटर में बना है। होटल का निर्माण सपा शासनकाल में हुआ था और इसका उद्घाटन भी प्रदेश के तत्कालीन नगर विकास मंत्री आजम खां ने किया था।
समधी होने की वजह से हुई कार्रवाई
होटल स्वामी रिजवान मुहम्मद खां का कहना है कि रामपुर में ऐसे अनगिनत होटल और भवन हैं, जो नक्शे के विपरीत बने हैं लेकिन, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। हम तो कंपाउंड भी कराना चाह रहे थे लेकिन, नहीं किया गया। हमारे खिलाफ कार्रवाई सिर्फ इसलिए की गई क्योंकि हम आजम खां के समधी हैं और मुसलमान भी हैं। आरडीए के फैसले के खिलाफ कोर्ट जाएंगे।