Azam Khan की जौहर युनिवर्सिटी में गृह मंत्रालय की टीम ने डाला डेरा, शत्रु संपत्ति का किया निरीक्षण
Azam Khan Jauhar University सपा विधायक आजम खां की मुहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में गृह मंत्रालय की टीम ने डेरा डाल दिया है। शत्रु संपत्ति के निरीक्षण के लिए भारत सरकार के शत्रु संपत्ति अभिरक्षक गुरुवार को रामपुर पहुंचे। प्रशासनिक अफसरों के साथ यूनिवर्सिटी पहुंचकर संपत्ति का निरीक्षण किया।
रामपुर, जेएनएन। Home Ministry Team Camped in Azam Khan Jauhar University : सपा विधायक आजम खां की मुहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में गृह मंत्रालय की टीम ने डेरा डाल दिया है। शत्रु संपत्ति के निरीक्षण के लिए भारत सरकार के शत्रु संपत्ति अभिरक्षक गुरुवार को रामपुर पहुंचे। उन्होंने प्रशासनिक अफसरों के साथ यूनिवर्सिटी पहुंचकर संपत्ति का निरीक्षण किया। प्रशासन द्वारा सील की गई इमारतों को भी देखा। रामपुर शहर विधायक आजम खां इस यूनिवर्सिटी के संस्थापक हैं।
यूनिवर्सिटी परिसर में 13.8 हेक्टेयर शत्रु संपत्ति बताई जाती है। इसे लेकर आजम खां के खिलाफ प्रशासन ने मुकदमा भी दर्ज कराया था। इस मामले में आजम खां लंबे समय तक जेल में रहे। 10 मई को हाईकोर्ट ने आजम खां की जमानत अर्जी मंजूर करने के साथ ही शत्रु संपत्ति पर कब्जा लेने के लिए आदेश प्रशासन को आदेश दिए थे। तहसील प्रशासन ने इसपर कब्जा ले लिया है। तारबंदी भी कराई जा रही है। जौहर यूनिवर्सिटी की दो इमारतें भी इसकी जद में आ गई हैं।
प्रशासन ने दोनों ही इमारतों को सील भी कर दिया है। उपजिलाधिकारी सदर मनीष मीणा ने यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार को नोटिस दिया था, जिसमें कब्जा हटवाने को कहा गया। इस मामले में प्रशासन ने भारत सरकार के मुख्य अभिरक्षक शत्रु संपत्ति और संयुक्त सचिव शत्रु संपत्ति को रिपोर्ट भेजी थी, जिसमें हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए उक्त संपत्ति पर कब्जे की कार्रवाई से अवगत कराया गया।
शत्रु संपत्ति के सर्वेयर से यह आकलन करने को कहा कि इन इमारतों को हटाने में कितना खर्चा आएगा। प्रशासन ने दोनों इमारतों को सील भी करा दिया। इमारतों की कीमत 4.20 करोड़ आंकी गई है और इनके तोड़ने में 17 लाख खर्च आएगा। यह रकम भी यूनिवर्सिटी से वसूली जाएगी। गुरुवार को भारत सरकार के शत्रु संपत्ति अभिरक्षक सौरभ रे रामपुर पहुंचे।
एसडीएम सदर मनीष मीणा और तहसीलदार फरमोद कुमार के साथ यूनिवर्सिटी परिसर स्थित शत्रु संपत्ति का निरीक्षण किया। एसडीएम ने बताया कि उन्होंने सील की गई इमारतों को भी देखा। दूसरी ओर इस मामले में आजम खां भी सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर चुके हैं। इसपर भी इसी सप्ताह सुनवाई होने की उम्मीद है।