CORONA VIRUS : थाइलैंड और जापान से लौटे युवाओं के घर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम Sambhal News
सीएमएस डॉ. एके गुप्ता ने कोरोना वायरस के निपटने के लिए बनाई टीम के साथ बैठक की। सीएमएस ने बताया कि लोगों को सावधानी बरतने होगी। दिन में कई बार हाथ धोते रहे।
सम्भल, जेएनएन। विदेश से वापस लौट रहे लोगों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम निगरानी कर रही है। अब युवती समेत तीन लोग थाइलैंड, जापान से वापस लौटे हैं। इसकी जानकारी राज्य सरकार से प्राप्त हुई तो आनन फानन में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम घर पहुंची लेकिन, वहां चारों में से कोई नहीं मिला। परिजनों ने बताया कि वह सभी स्वस्थ हैं।
जापान से लौटी युवती
जापान से वापस लौटी युवती नोएडा में ही रूक गई थी। वह वहां जॉब करती है। जबकि एक युवक बेंगलुरु में रुक गया, वह भी वहां नौकरी करता है। तीसरा युवक सम्भल पहुंचा लेकिन, वह शुक्रवार को ही बेंगलुरु के लिए रवाना हो गया था। चौथी महिला रजपुरा ब्लॉक के एक गांव की है लेकिन, उसके घर टीम पहुंची तो पता चला कि वह अपनी ससुराल बुलंदशहर में है। ऐसे में टीम जानकारी कर लौट आई।
सऊदी से आए युवक में कोरोना की पुष्टि नहीं
अमरोहा जिले के रजबपुर कस्बे का युवक कोरोना वायरस से पीडि़त नहीं निकला। उसको जुकाम, खांसी, बुखार था। अलीगढ़ से देर रात आई जांच रिपोर्ट में चिकित्सकों ने इसकी पुष्टि की। इससे महकमे ने राहत की सांस ली है। रजबपुर कस्बे का युवक सऊदी अरब के जेद्दाह में ट्रक चलाता था। दो मार्च को बीवी बच्चों के साथ घर लौटा था। पांच दिन पहले खांसी, जुकाम, बुखार और शरीर में थकान महसूस हुई। स्थानीय चिकित्सक से इलाज कराने पर राहत नहीं मिली। परिजन शुक्रवार को जिला अस्पताल लाए। चिकित्सक ने संदिग्ध कोरोना पीडि़त मानते हुए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया। संचारी रोग के नोडल अधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने नमूने लेकर अलीगढ़ जांच के लिए भेजे। शनिवार की देर रात अलीगढ़ से रिपोर्ट आई तो वह निगेटिव थी। उसमें कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले। नोडल अधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि जांच में कोरोना वायरस नहीं पाया गया।
इटली से लौटे छात्र को स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी में लिया
सम्भल। विदेश से आने वालों को जरूरी स्वास्थ्य जांच से गुजरना पड़ रहा है। नगर के मुहल्ला गोपाल स्ट्रीट निवासी युवक इटली से आठ मार्च को घर लौट आया था। जानकारी होने पर शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर संतोष कुमार टीम के साथ छात्र के घर पहुंचे और उसके स्वास्थ्य की जांच की। साथ ही उसे निगरानी में ले लिया है। डॉक्टर संतोष कुमार ने बताया कि उन्हें कोरोना से संबंधित कोई लक्षण नहीं है। युवक को अलग कमरे में रहने, घर से कम निकलने तथा भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है। साथ ही छात्र की 14 दिन तक निगरानी की जाएगी। अगर इस बीच कोई लक्षण पाया जाता है तो नमूने लेकर इलाज शुरू कर दिया जाएगा।