Hathras Girl Assault Case : सपा सांसद ने समर्थकों संग निकाला कैंडिल मार्च, कांग्रेसियों ने किया रोड जाम
Hathras Girl Assault Case हाथरस कांड के विरोध में गुरुवार को पूरे दिन धरना और प्रदर्शन का दौर जारी रहा। सपा सांसद डॉ एसटी हसन ने समथर्कों के साथ कैंडिल मार्च निकाला वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोड जाम कर दिया।
मुरादाबाद, जेएनएन। Hathras Girl Assault Case। हाथरस कांड को लेकर पूरे दिन धरना-प्रदर्शन का दौर चलता रहा। वाल्मीकि समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया तो मुस्लिम समाज के लोगों ने भी विरोध जताया। सफाई कर्मी भी पूरे दिन हड़ताल पर रहे। शाम को सपा सांसद डॉ एसटी हसन ने समर्थकों के साथ कैंडिल मार्च निकाला। अन्य समाजसेवी संगठनों का भी विरोध दिन भर चलता रहा।
सम्भल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोड जाम किया
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी व प्रियंका की रिहाई की मांग करते हुए रोड जाम कर दिया। हाथरस की बेटी की मौत के बाद पीड़ित परिवार से मिलने जाते समय कांग्रेस नेता राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसी के विरोध में शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने नगर में रोड जाम कर रिहाई की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार में गुंडे-माफिया बेखौफ घूूम रहे हैं। गुरुवार को शहर अध्यक्ष तौकी अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में यशोदा चौराहा पर सड़क जाम कर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि परिवार वाले पार्थिव शरीर की दुहाई देते रहे लेकिन प्रशासन ने पीड़ित परिवार की एक ना सुनी। उन्होंने कहा कि गुरुवार को राहुल गांधी व प्रियंका गांधी पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए हाथरस जा रहे थे तब उन्हें यमुना एक्सप्रेस-वे पर ना केवल गिरफ्तार किया गया बल्कि उनके साथ धक्का मुक्की भी की गई। हिलाल अख्तर, अकील अहमद, शान खान, आरिफ तनवीर, सुबहानी, इफ्तेखार कुरैशी, अख्तर कस्सार, मोहम्मद अंसार, चमन सैफी, मोहम्मद आदिल, वरीस वारसी आदि मौजूद रहे।