हाथरस कांड पर बोले-कानून मंत्री ब्रजेश पाठक, दोषियों को दिलाएंगे ऐसी सजा जो बनेगी सबक
पंचायत भवन में बैठक के बाद पत्रकारों से प्रदेश सरकार के विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा अनुसूचित जाति की हितैषी पार्टी है। प्रदेश में अपराध बढ़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार में कानून व्यवस्था पहले से बेहतर हुई है।
मुरादाबाद। Hathras Girl Assault Case। पंचायत भवन में बैठक के बाद प्रदेश सरकार के विधि एवं न्याय मंत्री ब्रजेश पाठक ने पत्रकार वार्ता में पंचायत चुनाव में पार्टी के तैयारी और लक्ष्य पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पूर्व पंचायत चुनाव हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
हाथरस की घटना पर उन्होंने कहा कि यह घटना दुखद घटना है। हमारी सरकार का बेटियों को सुरक्षित माहौल देने के लिए कृत संकल्प है। इस घटना को सरकार ने गंभीरता से लिया है। मैं प्रदेश का कानून मंत्री हूं और अदालत में दोषियों के लिए फांसी की सजा के लिए मांग रखूंगा। दोषियों को ऐसी सजा दी जाएगी, जो इस प्रकार की घटनाओं के दोषी हैं उनके लिए सबक बनेगी। ऐसा अपराध करने से पहले उनकी रूह भी कांपेगी। प्रदेश में अपराध बढ़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार में कानून व्यवस्था पहले से बेहतर हुई है। अपराधियों को बक्शा नहीं जाएगा। बसपा सुप्रीमो मायावती के भाजपा को अनुसूचित जाति विरोधी पार्टी कहे जाने उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक बयानबाजी है। भाजपा अनुसूचित हितैषी पार्टी है। भारत को पहला दलित राष्ट्रपति भाजपा ने ही दिया है। मुरादाबाद में दलित नेता की कोरेाना से मौत पर लापरवाही के आरोप लगने कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह अपने घर का मामला है और जो भी जरूरी है वह किया जा रहा है।