अंधेरे में उजाड़ दिया हरा-भरा आम का बाग, सुबह लोगों ने किया प्रदर्शन, अफसर खामोश Amroha news
बिना अनुमति हरे-भरे पेड़ काटना अपराध है इसके बावजूद वन माफिया बेखौफ होकर अपना राज चला रहे हैं। उन्हें खाकी का कोई खौफ नहीं है।
अमरोहा, जेएनएन। आम पट्टी के नाम से देश भर में मशहूर हसनपुर कस्बे के चारों तरफ आम के हरे-भरे बाग नजर आते हैं। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों से प्लाटिंग के नाम पर हरे भरे पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाई जा रही है। कभी रसूखदार लोग रसूख के बल पर तो कभी लकड़ी माफिया पैसे के बल पर हरे पेड़ों की अनुमति हासिल कर लेते हैं। तो कभी रात में चोरी छिपे हरे भरे वनों को उजाड़ दिया जाता है।
ऐसा ही शनिवार की रात। हसनपुर तहसील के सामने आम के बाग में बिना किसी अनुमति के लगभग दो दर्जन से अधिक पेड़ काट डाले गए। रविवार सुबह आम का हरा भरा बाग कटा हुआ देखकर लोग भड़क गए। भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने बाग में पहुंचकर हंगामा किया तथा कार्रवाई न होने पर सड़क जाम करने की चेतावनी दी है। पर्यावरण संरक्षण करने वाले अन्य समाज सेवी संगठन भी आम का हरा बाग रात को चोरी से काटे जाने से खासे आहत हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची गई और हंगामा कर रहे लोगोंं को समझा-बुझाकर शांत कराया। फिलहाल अफसर पूरी तरह से खामोश हैं। क्षेत्रीय वन अधिकारी सुभाष चौधरी ने बताया कि हसनपुर में बिना किसी अनुमति के आम के हरे बाग पर कुल्हाड़ी चलाए जाने की सूचना मिली है। जांच कर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।