मुरादाबाद में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा-बच्चों और युवाओं को देने होंगे संस्कार
Governor Anandi Ben Patel in Moradabad राज्यपाल आनंदी बेन पटेल दोपहर बाद सीएल गुप्ता आई इंस्टीट्यूट रामगंगा विहार में “पोषण वाटिका” का उद्घाटन करेंगी और प्रोजेक्ट स्नेह के तहत 500 कुपोषित बालकों के कल्याणार्थ कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी। इसके बाद वे लखनऊ रवाना हो जाएंगी।
मुरादाबाद, जेएनएन। Governor Anandi Ben Patel in Moradabad । सूबे की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने संस्कारवान शिक्षा देने पर जोर दिया। जीओ और जीने दो का संदेश देते हुए कहा कि बच्चों और युवाओं को संस्कार देने होंगे। युवाओं को बताना होगा कि सही दिशा क्या है, सच्ची दिशा क्या है। भारत को कैसे लोगों की आवश्यकता है।
राज्यपाल रविवार को सुबह 10:30 बजे हेलीपैड पर उतरीं। पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, शहर विधायक रितेश गुप्ता, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष गोपाल अंजान समेत अन्य भाजपाइयों ने उनका स्वागत किया। वहां से राज्यपाल दिल्ली रोड स्थित आइएफटीएम यूनिवर्सिटी पहुंचकर मिशन शक्ति कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बच्चे अपना जीवन संवार सकें, देश और समाज को कुछ दे सकें। ऐसी शिक्षा होनी चाहिए। बच्चों के जीवन में, दिल में क्या चल रहा है, बच्चा क्या सोच रहा है, हमें देखना होगा। बच्चों के पास जो कला और शक्ति है, समाज के लिए उसका उपयोग जरूरी है। हमें सोचना होगा कि समाज में विकृति क्यों आ रही है। राज्यपाल ने कहा कि हमारी पढ़ाई में कमी है, तभी समाज को विकृत करने वाली घटनाएं घटित हो जाती हैं। कालेज एवं यूनिवर्सिटी को सतत प्रयास करना चाहिए।
विश्वविद्यालय में भी चलती रहीं तैयारियां
राज्यपाल के आगमन को लेकर विश्वविद्यालय में भी तैयारियां चलती रहीं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सभी को जिम्मेदारियां सौंप दी गईंं हैं। कार्यक्रम को लेकर लोगोंं के चेहरे पर उत्साह साफ नजर आ रहा है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
राज्यपाल की सुरक्षा में आठ निरीक्षक 25 उपनिरीक्षक व 150 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा की कमान सीओ हाईवे अनिल कुमार यादव को सौंपी गई है। विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा कर्मियों के अलावा और कमांडो दस्ते की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शनिवार को पुलिस लाइन परिसर में आइजी रमित शर्मा, डीएम राकेश कुमार सिंह व एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने पुलिस कर्मियों को ब्रीफ किया। ड्यूटी प्वाइंट की जानकारी दी गई।