यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 11, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Indian Railway: रेल यात्रियों के लिए गुड न्यूज, आरक्षण चार्ट जारी होने से पहले मिलेगी कंफर्म सीट की सूचना
रेलवे आरक्षण प्रणाली सिस्टम को उच्चीकृत करने में जुटा है। यात्री को कंफर्म सीट के लिए आरक्षण चार्ट जारी होने ...और पढ़ें

मुरादाबाद, जागरण संवाददाता: रेलवे आरक्षण प्रणाली सिस्टम को उच्चीकृत करने में जुटा है। यात्री को कंफर्म सीट के लिए आरक्षण चार्ट जारी होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। उससे पहले ही सूचना मिल जाएगी। हालांकि सीट व कोच नंबर की जानकारी चार्ट जारी होने पर ही मिलेगी।
रेलवे में 30 प्रतिशत सीट महिला, वरिष्ठ नागरिक, उच्चाधिकारी, आपात स्थिति और खराब कोच के यात्रियों को आवंटित करने के लिए आरक्षित रखने का नियम है। आपात स्थिति और खराब कोच की सीटें आवंटित नहीं हो पाती हैं। उन्हें चार्ट जारी होने पर सामान्य यात्रियों को ही आवंटित कर दिया जाता है। इन सीटों का आवंटन कम वेटिंग वाले यात्रियों को आरक्षण के कुछ घंटे बाद कर दिया जाएगा। इसकी सूचना यात्री को मोबाइल संदेश से दे दी जाएगी, लेकिन सीट और कोच नंबर की जानकारी चार्ट जारी होने पर ही मिलेगी।
रेलवे में लंबे समय से कंफर्म टिकट उपलब्ध कराने की मांग की जा रही है। इसके लिए तत्काल टिकट की व्यवस्था है, इसमें भी सभी यात्रियों को सीट नहीं मिल पाती है। सीट कंफर्म न होने तक यात्रियों के सामने असमंजस की स्थिति बनी रहती है। फिलहाल बीच के आरक्षण निरस्त होने पर वेटिंग नंबर घटता जाता है, कुछ यात्रियों की सीट कंफर्म भी हो जाती है।
प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुधीर सिंह ने बताया कि अधिक से अधिक यात्रियों को बर्थ उपलब्ध कराने के लिए क्रिस द्वारा काम किया जा रहा है। इसके तहत वेटिंग टिकट लेने के थोड़ी देरी बाद कंफर्म होने की सूचना एडवांस में भेजी जाती है।
रास्ते में सीट खाली होने पर भी मिलेगी जानकारी
आरक्षण सिस्टम प्रणाली को अपडेट करने का जिम्मा सेंटर फार रेलवे इंफार्मेशन सिस्टम (क्रिस) को सौंपा गया है। यह बीच सफर में सीट खाली होने की भी जानकारी देगा। यात्री सफर के बीच से भी आरक्षण टिकट पाएंगे।
फिलहाल जहां से ट्रेन का संचालन शुरू होता है, वहां से ही आरक्षण की स्थिति आनलाइन दिखाई देती है। लंबी दूरी की ट्रेनों में रेलवे ने कुछ प्रमुख स्टेशनों से सीट रिक्त रखने की व्यवस्था कर रखी है। नई व्यवस्था में यात्रियों को बीच के स्टेशनों में सीट रिक्त रहने की भी जानकारी मिल जाएगी।
