जर्मनी के विशेषज्ञ रेलवे कर्मियों को देंगे प्रशिक्षण, हाई स्पीड गति से दौड़ेंगी ट्रेनें Moradabad News
कम खर्च पर अधिक आय कमाने का बताएंगे तरीका। इसके बाद एक से पीछे एक ट्रेन चलाना हो जाएगा आसान।
मुरादाबाद (प्रदीप चौरसिया)। भारतीय रेलवे अधिकारियों व कर्मियों को हाई स्पीड ट्रेन चलाने, कम खर्च में ट्रेनों का संचालन करने का जर्मन रेलवे के विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे। क्षेत्रीय रेलवे प्रशिक्षण संस्थान चन्दौसी में इस तरह का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बढ़ रहा ट्रेन संचालन का खर्च
भारतीय रेलवे मेक इंडिया के तहत वंदेभारत जैसी ट्रेन तैयार कर ली है। उसके बाद भी वर्तमान रेललाइन पर अधिकतम गति से ट्रेनें नहीं चल पा रही है। ट्रेन संचालन का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। भारतीय रेलवे ने हाई स्पीड ट्रेन संचालन के लिए देश भर के 60 अधिकारियों को जापान व चीन भेजा है। मुरादाबाद मंडल से तीन अधिकारियों को जापान व एक को चीन भेजा गया है। इसके लिए रेलवे को एक करोड़ रुपये खर्च करना पड़ रहा है।
देश में मिलेगा प्रशिक्षण
अधिकारियों व कर्मियों को विदेश भेजने के बजाय रेलवे अब देश में ही प्रशिक्षण देने की व्यवस्था करने जा रहा है। जर्मन रेल प्रबंधन के साथ करार किया है। इसमें जर्मन से विशेषज्ञ भारत में आकर रेलवे के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण देंगे। क्षेत्रीय रेलवे प्रशिक्षण संस्थान चन्दौसी में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षक वर्तमान रेल लाइन पर हाई स्पीड ट्रेन को चलाने के लिए चालक, गार्ड, गेट मैन, स्टेशन मास्टर को क्या करना है और क्या नहीं करना है, इसकी जानकारी देंगे। गति बढऩे से रेल मार्ग जल्दी खाली होगा और नई ट्रेनें चलाई जा सकेंगी। आधुनिक स्टेशनों के विकास, रखरखाव और अधिक माल ढुलाई का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया रेलवे तेज गति से ट्रेन चलाने व यात्री सुविधाओं का विस्तार करने के लिए प्रयास कर रहा है। इसके लिए जर्मन रेल के विशेषज्ञों द्वारा अधिकारियों व कर्मियों को प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।