गजरौला-नजीबाबाद रेल मार्ग आज रहेगा बंद, बीच रास्ते तक ही जाएंगी ये ट्रेनें Moradabad News
ट्रेन यात्रियों को आज परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। गजरौला नजीबाबाद के बीच आज कई घंटे तक ट्रेन संचालन बंद रहेगा। कुछ ट्रेनें बीच रास्ते तक ही जाएंगी।
मुरादाबाद, जेएनएन। गजरौला-नजीबाबाद के बीच अंडर पास का निर्माण कराने के लिए शनिवार को पांच घंटे रेेल यातायात बंद रहेगा। इस दौरान गढ़वाल एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों को बीच रास्ते में रोक कर चलाया जाएगा। जबकि नजीबाबाद कोटद्वार के बीच 28 नवंबर से अंडर पास का काम शुरू किया जाएगा।
बनाए जाएंगे अंडरपास
यह जानकारी प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेखा शर्मा ने दी। बताया रेल प्रशासन रेल फाटकों को बंद कर अंडर पास का निर्माण करा रहा है। रेल मंडल में 30 से अधिक फाटकों पर अंडर पास बनाए जाएंगे। गजरौला- नजीबाबाद रेल मार्ग पर चांदपुर और बिजनौर के पास रेल फाटक के स्थान पर अंडर पास का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के लिए 23 नवंबर और 30 नवंबर को इस मार्ग पर रेल संचालन दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक बंद रखा जाएगा। दोनों दिन गढ़वाल एक्सप्रेस और दो पैसेंजर ट्रेन को बीच रास्ते में रोके रखा जाएगा। वहीं मालगाड़ी का संचालन पूरी तरह बंद रखा जाएगा।
दोपहर तक बंद रहेगा ट्रेन संचालन
उन्होंने बताया नजीबाबाद कोटद्वार के बीच स्नेही रोड के रेल फाटक पर अंडर पास का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 28 नवंबर, तीन व सात दिसंबर को सुबह आठ बजे से दोपहर 12.30 बजे तक रेल संचालन बंद रखा जाएगा। इस कारण दो पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त रखा जाएगा।