Bullet fired in Moradabad:दोस्त ने युवक की पीठ में गोली मारी,घटना से क्षेत्र में फैली सनसनी Moradabad News
लाइनपार के रामलीला मैदान में हुई वारदात छात्र के शरीर में फंसी गोली हालत नाजुक। आरोपित की तलाश में लगातार दबिश दे रही है पुलिस।
मुरादाबाद,जेएनएन। थाना मझोला क्षेत्र में एक युवक को नाबालिग दोस्त पीठ में गोली मारकर फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने आरोपित का पीछा किया तो तमंचा थोड़ी दूरी पर ही फेंक दिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली छात्र के शरीर में फंसी है। इससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
थाना मझोला क्षेत्र के लाइनपार आदर्श नगर निवासी विशाल सैनी इंटरमीडिएट का छात्र है। शुक्रवार शाम करीब छह बजे विशाल अपनी स्कूटी लेकर दोस्त के साथ रामलीला ग्राउंड गया था। वहां अपने नाबालिग दोस्त के साथ खड़े होकर बात कर रहा था। इस दौरान अचानक गोली चलने की आवाज आई। गोली लगते ही विशाल जमीन पर गिर पड़ा। आवाज सुनकर वहां गश्त कर रहे पीआरवी 3725 पर तैनात सिपाही विजय सिंह व चालक नवनीत कुमार भाग कर रामलीला ग्राउंड में पहुंचे। पुलिस को देख विशाल के पास खड़ा दोस्त वहां से भाग निकला। पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकडऩे की कोशिश की तो उसने तमंचा रास्ते में फेंक दिया। पुलिस कॢमयों ने विशाल को साईं अस्पताल पहुंचाया।
पीठ में लगी है गोली
सूचना मिलने पर सीओ सिविल लाइंस दीपक भूकर भी साईं अस्पताल पहुंच गए। वहां से घायल को गंभीर हालत में टीएमयू रेफर कर दिया गया। श्री भूकर ने बताया कि विशाल की पीठ में एक गोली लगी है। आरोपित नाबालिग बताया जा रहा है। घायल की बहन ने उसकी पहचान कर ली है। उसका कहना है कि आरोपित विशाल का दोस्त है।
आरोपित की तलाश में दबिश दे रही है पुलिस
गुरुवार को वह उसके घर भी आया था। आरोपित की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। उसके मकान में ताला लगा है, परिवार के लोग भी नहीं मिले। पुलिस ने रामलीला ग्राउंड से ही 315 बोर का तमंचा, खोखा और स्कूटी बरामद कर ली है। आरोपित ने गोली क्यों मारी यह स्पष्ट नहीं है। घटना के कारण का पुलिस पता लगा रही है। घायल विशाल का बयान लिया जाएगा। उसके बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।लाइनपार रामलीला मैदान के पास रहने वाले विशाल सैनी को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। इसके बाद उसे उपचार के लिए साईं अस्पताल में भर्ती कराया गया।