रामपुर में जेठानी-देवरानी के बंद मकान से चार लाख की चोरी, घटना की जांच में जुटी पुलिस
सेवानिवृत्त महिला रेलवे कर्मचारी और उनकी देवरानी के बंद मकान से चोरों ने चार लाख का माल साफ कर दिया। जब महिलाएं घर लौटीं तो घटना की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि चोर 45 हजार रुपये और करीब डेढ़ लाख कीमत के गहने ले गए हैं।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। रामपुर में सेवानिवृत्त महिला रेलवे कर्मचारी और उनकी देवरानी के बंद मकान से चोरों ने चार लाख का माल साफ कर दिया। गंज कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला पक्का पुल निवासी कमलेश सेवानिवृत्त रेल कर्मी हैं। वह अपने दो बेटों के साथ यहां रहती हैं। एक बेटा भैया दूज पर ससुराल गया था और वह खुद दूसरे बेटे के घर गई हुई थीं। इसी मकान में अलग हिस्से में उनकी देवरानी दयावती भी रहती हैं। वह भी त्योहार पर रिश्तेदारी में गई थीं। बंद मकान देख चोरों की नजर पड़ गई। चोरों ने बंद मकान से कीमती सामान साफ कर दिया। जब वह वापस घर लौटीं तो घटना की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि चोर 45 हजार रुपये और करीब डेढ़ लाख कीमत के गहने ले गए हैं। इतना ही सामान देवरानी के घर से भी चोरी हुआ है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी है।