Lockdown Day 4: उल्लंघन करने पर कांग्रेस के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सहित दो अन्य गिरफ्तार Moradabad News
कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते पूरे देश में लॉकडाउन है। बिना किसी आवश्यक काम के बाहर निकलने वालों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। वाहनों को भी सीज किया जा रहा है।
मुरादाबाद,जेएनएन। पूरी दुनिया में कोरोना वायरस का कहर है। इसी को देखने हुए केंद्र सरकार ने संपूर्ण भारत में लॉकडाउन कर दिया है। लॉकडाउन में घरों से बेवजह बाहर निकलने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कांग्रेस के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सचिन चौधरी व दो अन्य को धारा 144 के उल्लंघन करने के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इससे पहले सचिन चौधरी ने लोगों को थाने पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि दिल्ली से अपने घरों को निकले हुए पैदल,भूखे,थके लोगों की मदद करने वह कल रात अपने आवास से निकले थे। एसएसपी मुरादाबाद ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ अभद्रता भी की गई। परिजनों को इस बारे में सूचित भी नहीं किया गया। यूपी कांग्रेस कमेटी सचिव सचिन चौधरी ने लोगों से पाकबड़ा थाने पर पहुंचने की अपील भी की थी। लॉकडाउन को देखते हुए चारों ओर पुलिस का सख्त पहरा है। लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है। अनावश्यक रूप से बाहर निकलने वालों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। वाहनों को सीज भी किया जा रहा है। हालांकि इस दौरान जरूरी काम से बाहर निकलने वालों को पुलिस पूछताछ के बाद आगे जाने दे रही है। पुलिस और प्रशासन का कहना है कि धारा 144 का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।