Flood risk in Rampur : रामपुर में आ सकती है बाढ़, कोसी नदी में उफान
Flood risk in Rampur रामपुर में कोसी नदी में आए उफान ने लोगों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। बढ़ते जल स्तर ने बाढ़ की आशंकाओं को जन्म दे दिया है। इससे लोग चिंतित हैं।
रामपुर। स्वार के रामनगर बैराज से छह हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने से कोसी नदी उफान पर आ गई है। इससे किसी भी पल बाढ़ आने की संभावना बनी हुई है। जिस कारण क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है। उधर प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के लिए तैयारी के अंतर्गत आधा दर्जन चौकियां स्थापित कर वहां राजस्व कर्मियों की तैनाती कर दी है।
तहसील क्षेत्र में बाढ़ से हर वर्ष कई गांव प्रभावित हो जाते हैं। इस बार भी नदी के तेवर देख कर बाढ़ की आशंका बनी हुई है। जिससे नदी किनारे बसे गांवों में दहशत का माहौल है। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के चलते गुरुवार की सुबह उत्तराखंड के रामनगर बैराज से छह हजार क्यूसेक पानी कोसी नदी में छोड़ दिया गया। जिससे नदी में उफान आ गया है। नदी किनारे लगा पशुओं का चारा पूरी तरह नष्ट होने के साथ ही फसलें भी नष्ट होने के कगार पर पहुंच गई हैं। उधर नदी किनारे बसे जालफनगला, फाजलपुर, धनौरी, मधुपुरा, बंदरपुरा, पसियापुरा, अंधापुरी, मिलक काजी, सोनकपुर, धनपुर शहदरा, फरीदपुर रसूलपुर, खेमपुर आदि गांवों के लोगों की रात की नींद गायब हो गई है। उन्हें किसी भी क्षण बाढ़ आ जाने का डर सताने लगा है। नदी किनारे बांध में बी पुराना होने के कारण दरारें पड़ रही हैं। तहसीलदार रणविजय ङ्क्षसह ने नदी में पानी छोड़े जाने की सूचना पर बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए आधा दर्जन बाढ़ चौकियां स्थापित कर वहां पर राजस्व कर्मियों को तैनात कर दिया है। वहीं दूसरी ओर लोग सहमे हुए हैं। उनका मानना है कि अगर इसी तरह से पानी छोड़ा जाता रहा तो बाढ़ को कोई रोक नहीं पाएगा।