शाम को पत्नी के साथ मनाई पहली दीपावली, रात में एक हादसे में चली गई जान Sambhal News
बिना किसी के कार्रवाई के स्वजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सूचना मिलने पर रिश्तेदार भी घर पहुंच गए। सभी इस हादसे से अवाक हैं।
सम्भल, जेएनएन। जिले के चन्दौसी कोतवाली क्षेत्र में रविवार की रात पड़ोसी के घर जाने के लिए अपनी छत से पड़ोसी की छत पर कूद रहा युवक सड़क पर गिर गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को गंभीर हालत में शहर के निजी अस्पताल में लेकर आए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से दीपावली की खुशी मातम में बदल गई।
गांव मिलक मौलागढ़ निवासी बंटी (20) पुत्र सोहनलाल रविवार की देर रात पड़ोसी के घर जाने के लिए अपनी छत से पड़ोसी की छत पर कूदने लगा। दूरी अधिक होने के चलते युवक दूसरी छत पर नहीं पहुंच सका और सड़क पर आ गिरा। इससे बंटी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए परिजन शहर के निजी अस्पताल में लेकर आए। जहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। जहां परिवार के लोग दीपावली की खुशी मना रहे थे वहीं युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया।
पत्नी के साथ मना रहा था पहली दीपावली की खुशी
बंटी की शादी छह माह पहले ही मुरादाबाद के रतनपुर कला निवासी सुनीता के साथ हुई थी। पत्नी के साथ युवक पहली ही दीपावली मना रहा था। शाम को परिवार के साथ पति पत्नी ने पूजा की तो बाद में आतिशबाजी कर खुशी बांटी, लेकिन कुछ ही घंटों बाद में एक हादसे ने सभी खुशी मातम में बदल दी।